जबलपुर।
हनुमानताल थाना पुलिस ने क्षेत्र में कानून व्यवस्था का संदेश देने के उद्देश्य से गिरफ्तार किए गए आरोपियों का जुलूस निकालकर उन्हें इलाके में घुमाया। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 16 क्वार्टर एवं सोला क्वार्टर क्षेत्र में पुरानी रंजिश को लेकर मारपीट और लूट की घटना को अंजाम दिया गया था, जिसके बाद पुलिस ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार सोला क्वार्टर निवासी जिया उल हक अंसारी ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 11 जनवरी को पूर्व विवाद के चलते अफसर, सैफू और सचिन उर्फ लल्ला इरवार ने उसे बुलाकर मारपीट की तथा उसकी एक्सिस गाड़ी लूटकर ले गए। प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया गया, जिसके दौरान आरोपी सैफू को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में अपराध स्वीकार करने पर सैफू को विधिवत गिरफ्तार किया गया। मामले में शामिल अन्य दो आरोपी फिलहाल फरार हैं, जिनकी तलाश पुलिस द्वारा लगातार की जा रही है।
इसी दौरान हनुमानताल पुलिस ने थाना बेलबाग क्षेत्र के निगरानी बदमाश प्रकाश अग्रवाल उर्फ चपटा को भी गिरफ्तार किया है। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि वह किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की नीयत से कट्टा लेकर घूम रहा है। सूचना की तस्दीक के बाद पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक देशी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया। इस मामले में आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है।
पुलिस ने बताया कि प्रकाश अग्रवाल उर्फ चपटा थाना बेलबाग क्षेत्र का निगरानी बदमाश है और उसके खिलाफ पूर्व में भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। हाल ही में उसके विरुद्ध पैसे मांगने, विवाद करने और ऑटो रिक्शा में तोड़फोड़ की शिकायत भी दर्ज की गई थी, जिस पर कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार किया गया।
इसके अतिरिक्त हनुमानताल थाना क्षेत्र में देर रात चाकू लेकर घूम रहे एक अन्य बदमाश को भी पुलिस पेट्रोलिंग टीम ने गिरफ्तार किया है। आरोपी चाकू लहराकर लोगों को भयभीत कर रहा था। उसे आर्म्स एक्ट के तहत गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार तीनों आरोपी निगरानी बदमाश एवं अपराध शुदा हैं।
हनुमानताल थाना पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी की जाती रहेगी।


