जबलपुर। सिंगल यूज और अमानक पॉलीथिन के क्रय–विक्रय पर प्रतिबंध के बावजूद शहर में इसके अवैध भंडारण और सप्लाई का मामला सामने आया है। नगर निगम की टीम ने ट्रांसपोर्ट नगर स्थित महुरानी ट्रांसपोर्ट में छापा मारकर करीब 10 टन अमानक पॉलीथिन जब्त की है, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 17 लाख रुपये बताई जा रही है।
निगमायुक्त के निर्देश पर नगर निगम की जांच टीम अमानक पॉलीथिन की रोकथाम को लेकर ट्रांसपोर्ट नगर क्षेत्र में निरीक्षण कर रही थी। इसी दौरान सोनम फर्नीचर के सामने एक ऑटो को रोका गया, जो पॉलीथिन से लोड था। जांच में पॉलीथिन अमानक पाई गई। चालक से पूछताछ करने पर उसने बताया कि पॉलीथिन ट्रांसपोर्ट नगर स्थित महुरानी ट्रांसपोर्ट से लोड की गई है।
इसके बाद निगम की टीम ने महुरानी ट्रांसपोर्ट में दबिश दी। गोदाम की जांच के दौरान वहां भारी मात्रा में अमानक पॉलीथिन का भंडारण पाया गया। टीम ने मौके पर ही करीब 10 टन पॉलीथिन जब्त कर ली। साथ ही महुरानी ट्रांसपोर्ट के संचालक पर 1 लाख रुपये का स्पॉट फाइन लगाया गया।
नगर निगम की टीम ने मामले की जानकारी बाजार विभाग को भी दे दी है, जो अमानक पॉलीथिन के भंडारण और सप्लाई को लेकर आगे की वैधानिक कार्रवाई करेगा। निगम अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि प्रतिबंध के बावजूद अमानक पॉलीथिन का उपयोग, भंडारण और बिक्री करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


