जबलपुर। जबलपुर के माढ़ोताल थाना क्षेत्र अंतर्गत सुरतलाई इलाके में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार बस ने रोंग साइड से आते हुए पहले एक बाइक और फिर एक ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण दुर्घटना में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ऑटो में सवार एक महिला समेत छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें साफ देखा जा सकता है कि बस गलत दिशा से तेज गति में आती है और पहले बाइक को कुचलती है, इसके बाद सीधे ऑटो में जा घुसती है। हादसा इतना भयावह था कि बाइक सवार बस और ऑटो के बीच फंसकर काफी दूर तक घिसटता चला गया।
मृतक की पहचान भेड़ाघाट के जहाजपुर निवासी अनिकेत चराड़ के रूप में हुई है। अनिकेत गंभीर रूप से घायल अवस्था में सड़क पर पड़ा मिला, लेकिन अत्यधिक चोटों के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे में घायल ऑटो सवारों को सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने तत्काल अस्पताल भिजवाया। सभी घायलों का इलाज जारी है, जिनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।
माढ़ोताल थाना प्रभारी वीरेंद्र सिंह पवार ने बताया कि दुर्घटना बस चालक की लापरवाही के कारण हुई है। हादसे में शामिल बस सागर की राधा ट्रैवल्स की है, जिसका पंजीयन क्रमांक MP 15 ZF 3254 है। बस जबलपुर से यात्रियों को लेकर सागर जा रही थी। जैसे ही बस सुरतलाई के पड़वार मोड़ पर पहुंची, चालक ने नियंत्रण खो दिया और रोंग साइड में जाकर हादसे को अंजाम दे दिया।
पुलिस ने बस चालक हरदेव सिंह, निवासी सागर के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। बस को भी जब्त कर लिया गया है। पुलिस द्वारा आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


