सहारनपुर, 19 जनवरी देवबंद के प्रसिद्ध आलिम-ए-दीन और जमीयत दावतुल मुस्लिमीन के संरक्षक मौलाना कारी इसहाक गोरा ने महिलाओं के सम्मान और उनके प्रति समाज में व्याप्त रवैये पर गहरी चिंता व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि विशेष रूप से तलाकशुदा और विधवा महिलाओं के साथ समाज का व्यवहार न केवल असंवेदनशील है, बल्कि यह नैतिकता और मानवीय मूल्यों के भी विरुद्ध है।
हाल ही में जारी एक वीडियो संदेश में मौलाना कारी इसहाक गोरा ने कहा कि महिलाओं के सम्मान के सवाल पर हमारा समाज आज भी अपेक्षित गंभीरता नहीं दिखा पा रहा है। उन्होंने अफसोस जताते हुए कहा कि जिन महिलाओं को सहारे, अपनत्व और इज्जत की सबसे अधिक जरूरत होती है, उन्हें शक, तानों और सवालों के कठघरे में खड़ा कर दिया जाता है।
अपने संदेश में उन्होंने स्पष्ट किया कि तलाक या विधवा होना किसी महिला का दोष नहीं, बल्कि जीवन की एक कठिन और पीड़ादायक परीक्षा है। इसके बावजूद समाज ऐसे हालात से गुजर रही महिलाओं को रहमत और हमदर्दी की नजर से देखने के बजाय, उनके चरित्र और नीयत पर सवाल उठाने लगता है। यह सोच न केवल गलत है, बल्कि समाज को अंदर से कमजोर और खोखला करने वाली भी है।
उन्होंने कहा कि दुर्भाग्यवश आज हम धार्मिक शिक्षाओं की रूह को नजरअंदाज कर केवल सामाजिक रूढ़ियों और गलत परंपराओं के पीछे चल पड़े हैं।
मौलाना कारी इसहाक गोरा ने कहा कि महिलाओं की इज्जत किसी पर एहसान नहीं, बल्कि उनका बुनियादी और नैसर्गिक अधिकार है। तलाकशुदा और बेवा महिलाओं को इल्जाम नहीं, बल्कि सम्मान, सहारा और नई शुरुआत का अवसर मिलना चाहिए। यही इंसानियत है, यही धर्म की सच्ची तालीम और यही एक स्वस्थ समाज की पहचान है।


