अनूपपुर।
वन विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करते हुए एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। वन विभाग में पदस्थ चौकीदार बाबूलाल सिंह का आरोप है कि उसका 18 माह का वेतन तत्कालीन बीट गार्ड सोमपाल सिंह कुशराम द्वारा हड़प लिया गया, लेकिन हैरानी की बात यह है कि दो वर्ष बीत जाने के बाद भी उसे आज तक उसका हक नहीं मिल पाया है।
पीड़ित चौकीदार बाबूलाल सिंह न्याय की आस में कलेक्टर कार्यालय एवं वन विभाग के अधिकारियों के चक्कर लगाते-लगाते थक चुका है, किंतु हर बार उसे सिर्फ आश्वासन ही मिला। कार्रवाई के नाम पर विभाग की चुप्पी अब सवालों के घेरे में है।
इस पूरे प्रकरण ने यह प्रश्न खड़ा कर दिया है कि
क्या वन विभाग अपने ही कर्मचारियों के साथ अन्याय होने पर भी लाचार है?
क्या दोषी बीट गार्ड को संरक्षण मिल रहा है?
या फिर एक गरीब चौकीदार की आवाज़ सिस्टम तक पहुंच ही नहीं पा रही?
मंगलवार, 20 जनवरी को एक बार फिर चौकीदार बाबूलाल सिंह ने कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर अपनी फरियाद दोहराई, और न्याय की गुहार लगाई। अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस बार केवल फाइलें आगे बढ़ाएगा या वास्तव में पीड़ित को उसका मेहनताना दिलाने के लिए ठोस कदम उठाएगा।


