जबलपुर। अधारताल थाना क्षेत्र अंतर्गत महाराजपुर बायपास स्थित चौबे धर्मकांटा के पास उस वक्त हड़कंप मच गया जब सुबह-सुबह गोबर के दलदल में एक बुजुर्ग व्यक्ति का शव उतराता हुआ दिखाई दिया। राहगीरों और आसपास मौजूद लोगों ने जब दलदल में शव देखा तो पहले तो वे घबरा गए, इसके बाद तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही अधारताल पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद दलदल में फंसे शव को बाहर निकाला गया। शव काफी हद तक गोबर में सना हुआ था, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि मृतक काफी समय से उसी स्थान पर पड़ा हुआ था। पुलिस ने मौके पर पंचनामा कार्रवाई कर शव को कब्जे में लेते हुए मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक मृतक की उम्र करीब 70 से 75 वर्ष के बीच प्रतीत हो रही है। फिलहाल उसकी पहचान नहीं हो सकी है। शव के पास से कोई ऐसा दस्तावेज या पहचान संबंधी सामग्री भी बरामद नहीं हुई है, जिससे उसकी शिनाख्त हो सके। पुलिस आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्टों से मिलान कर रही है।
प्रारंभिक तौर पर यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि बुजुर्ग व्यक्ति गोबर के दलदल में कैसे पहुंचा। पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है कि यह हादसा है, लापरवाही है या किसी अन्य कारण से मौत हुई है।
अधारताल पुलिस का कहना है कि मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही सामने आ सकेगी। फिलहाल शव को जिला अस्पताल भेज दिया गया है और मृतक के परिजनों की तलाश की जा रही है।
घटना के बाद इलाके में काफी देर तक लोगों की भीड़ जुटी रही। स्थानीय लोगों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं, वहीं इस घटना से क्षेत्र में भय और सनसनी का माहौल बन गया है। पुलिस का कहना है कि शिनाख्त होते ही आगे की कार्रवाई तेजी से की जाएगी।


