जबलपुर। शहर सहित जिलेभर में सूने मकानों को निशाना बनाकर अज्ञात चोर लगातार चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। ग्वारीघाट, विजयनगर और बरगी थाना क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर ताले तोड़कर चोरों ने लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और नगदी पर हाथ साफ कर दिया।
ग्वारीघाट थाना क्षेत्र में सुखसागर वैली पोलीपाथर निवासी सागर वर्मा (38 वर्ष) ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह ट्रांसपोर्ट व्यवसाय से जुड़ा है। उसकी माता की तबीयत खराब होने के कारण वह पत्नी के साथ घर में ताला लगाकर अस्पताल गया था। इसी दौरान पड़ोसी ने फोन कर सूचना दी कि उसके घर का दरवाजा खुला हुआ है। घर पहुंचने पर देखा कि मुख्य दरवाजे का ताला टूटा पड़ा था और दोनों बेडरूम की अलमारियों के ताले भी तोड़े गए थे। अलमारी में रखे करीब 70 तोला सोने के जेवर, लगभग एक किलो चांदी और 6 लाख रुपये नगद चोरी हो चुके थे। पड़ोस में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच करने पर चार नकाबपोश युवक घर में घुसते और कुछ देर बाद बाहर निकलते दिखाई दिए।
विजयनगर थाना क्षेत्र में कचनार सिटी निवासी जितेन्द्र सिंह (50 वर्ष) ने बताया कि वह पिता के निधन की सूचना मिलने पर परिवार सहित पैतृक गांव गया हुआ था। देर रात लौटने पर देखा कि घर की कुंडी टूटी हुई है और भीतर सारा सामान बिखरा पड़ा है। चोरों ने लोहे की अलमारी तोड़कर उसमें रखी सोने की चैन, टाप्स, चांदी की कटोरी, सिक्के और पायल सहित करीब 4 लाख रुपये की संपत्ति चोरी कर ली।
इसी तरह बरगी थाना अंतर्गत चौकी गौर क्षेत्र में घंसौर रोड बरगीनगर निवासी करन बाल्मीक (19 वर्ष) ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह अपनी मां के साथ घर में ताला लगाकर बाहर गया था। लौटने पर देखा कि घर का दरवाजा और लॉकर टूटा हुआ है। अलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवरात और करीब दो हजार रुपये नगद चोरी हो चुके थे।
तीनों मामलों में पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। ग्वारीघाट क्षेत्र में नकाबपोश चार संदिग्धों की फुटेज मिलने से पुलिस को अहम सुराग मिलने की उम्मीद है। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से शहरवासियों में दहशत और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है।


