.
जबलपुर – श्रमोदय विद्यालय केवल शिक्षा का केंद्र नहीं, बल्कि निर्माण श्रमिकों के बच्चों को स्वाभिमान के साथ उड़ान देने का सशक्त मंच है। ये विचार प्रदेश के पंचायत एवं ग्रामीण विकास तथा श्रम मंत्री श्री प्रहलाद सिंह पटेल ने आज शनिवार को श्रमोदय विद्यालय में आयोजित हार्टफुलनेस “हेल्प” कार्यक्रम के समापन समारोह में उपस्थित विद्यार्थियों को मुख्य अतिथि की आसंदी से संबोधित करते हुये व्यक्त किये। कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि क्षेत्रीय विधायक श्री नीरज सिंह थे।
मंत्री श्री पटेल ने अपने संबोधन में आगे कहा कि जीवन की चुनौतियों से घबराने के बजाय समाधान खोजने की आदत ही सफलता की कुंजी है। उन्होंने विद्यार्थियों से आग्रह किया कि वे माता-पिता के संघर्ष को समझें, उनके बुढ़ापे का सहारा बनें और स्वयं पर अटूट विश्वास रखें।
श्री पटेल ने विद्यार्थियों को आत्मविश्वास, पुरुषार्थ और जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिये निरंतर प्रयास के महत्व पर प्रेरक संदेश दिया। उन्होंने अपने जीवन के अनुभव साझा करते हुए कहा कि सफलता किसी एक दिन का परिणाम नहीं होती, यह निरंतर प्रयास, आत्म अनुशासन और सकारात्मक सोच से बनती है। मंत्री श्री पटेल ने श्रमोदय विद्यालय में हार्टफुलनेस कार्यक्रम की सराहना करते हुये कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को मानसिक रूप से सशक्त बनाते हैं और जीवन में संतुलन सिखाते हैं।
कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि विधायक श्री नीरज सिंह ने विद्यालय द्वारा विद्यार्थियों के मानसिक स्वास्थ्य एवं संतुलित व्यक्तित्व विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए शुभकामनाएँ दीं। इसके पहले मंत्री श्री पटेल ने विद्यालय परिसर विद्यार्थियों में लगाई गई शैक्षणिक एवं रचनात्मक प्रदर्शनी का शुभारंभ किया। प्रदर्शनी में गणित, विज्ञान, सामाजिक विज्ञान, माटीकला, क्राफ्ट एवं अन्य विषयों पर विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए मॉडलों ने ध्यान आकर्षित किया। राष्ट्रीय स्तर पर चयनित माटीकला एवं पारंपरिक खिलौनों तथा राज्य स्तर पर चयनित इंस्पायर अवॉर्ड मॉडल को विशेष रूप से सराहा गया।
मानसिक स्वास्थ्य और मूल्यों पर केंद्रित “हेल्प” कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती पूजन एवं कन्या पूजन के साथ हुआ।छात्राओं द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना के पश्चात अतिथियों का पारंपरिक रूप से स्वागत किया गया। विद्यालय के प्राचार्य साहिर शेख ने विद्यालय की गतिविधियों और “हेल्प” कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की।
कार्यक्रम के समापन पर मंत्री श्री पटेल एवं आमंत्रित अतिथियों द्वारा पर्यावरण संरक्षण के प्रति सामूहिक उत्तरदायित्व का सन्देश देने विद्यालय परिसर में पौधारोपण किया गया। कार्यक्रम में जिला पंचायत के सीईओ अभिषेक गहलोत, अनुविभागीय अधिकारी जबलपुर अभिषेक ठाकुर, शिक्षा संस्कृति उत्थान न्यास के प्रांत संयोजक नीलेष पाण्डेय, हार्टफुलनेस संस्था से श्रीमती आभा जैन, श्रम विभाग के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं शिक्षक उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन श्रीमती अमृता शुक्ला एवं श्रीमती श्रद्धा शुक्ला ने तथा आभार प्रदर्शन श्री भूपेंद्र सलामे ने किया।


