जबलपुर। थाना बरेला क्षेत्र में 18 जनवरी 2026 को सिग्मा कान्हा कॉलोनी सालीवाड़ा के पास नेशनल हाईवे पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे के मामले में पुलिस ने फरार आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया है। इस भीषण हादसे में 5 मजदूरों की मौके पर मौत हो गई थी, जबकि 11 मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
पुलिस के अनुसार मंडला से जबलपुर की ओर आ रही सफेद रंग की निसान कार क्रमांक एमपी 20 एक्सबी 1460 के चालक ने निर्माणाधीन सड़क पर कार्य कर रहे मजदूरों को तेज रफ्तार और लापरवाहीपूर्वक टक्कर मार दी थी। घटना के समय सड़क के दोनों ओर साइन बोर्ड और स्टॉपर लगाए गए थे, वहीं मजदूर लोहे की ग्रिल की सफाई का कार्य कर रहे थे। इसके बावजूद चालक ने जानबूझकर रेलिंग की ओर कार मोड़ते हुए मजदूरों को कुचल दिया और मौके से फरार हो गया।
घटना के संबंध में थाना बरेला में आरोपी के विरुद्ध बीएनएस की धारा 281, 125(ए), 125(बी), 105 तथा मोटरयान अधिनियम की धारा 184, 134, 187 और 177 के तहत मामला दर्ज किया गया। जांच के दौरान कार मालिक दीपक सोनी से पूछताछ में सामने आया कि घटना के समय कार उसका भाई लखन सोनी चला रहा था। क्राइम ब्रांच को सूचना मिलने पर जबलपुर स्टेशन के पास घेराबंदी कर आरोपी लखन सोनी को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त कार को जब्त कर आगे की जांच शुरू कर दी है।


