*
छपारा | 23 जनवरी 2026
वनमंडलाधिकारी श्री महेंद्र उइके के मार्गदर्शन में अनुभूति कैंप का भव्य एवं सफल आयोजन 23 जनवरी को बंजारी (छपारा) स्थित कक्ष क्रमांक 1210 (पी.एफ.) में किया गया। इस शैक्षणिक एवं जागरूकता कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को प्रकृति, वन और पर्यावरण से प्रत्यक्ष रूप से जोड़ना रहा।
कार्यक्रम में वन रक्षक मनीष चौधरी, वन परिक्षेत्र अधिकारी श्री शरद सिंह (छपारा),एस डी ओ मनेंद्र सिंग एबम संयुक्त वन मंडल अधिकारी श्री गोपाल सिंह एवं एसडीओ फॉरेस्ट श्री राहुल शर्मा की गरिमामयी उपस्थिति रही।
*कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री जय दीप चौहान ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि “माँ से भी बड़ी माँ प्रकृति है। जल, जंगल और वन्यजीवों की सुरक्षा करना हम सभी का नैतिक दायित्व है।” उन्होंने प्रकृति प्रेम को जीवन का अभिन्न अंग बनाने का आह्वान किया।*
संयुक्त वन मंडल अधिकारी श्री गोपाल सिंह ने अपने उद्बोधन में स्पष्ट किया कि वन विभाग अवैध वृक्ष कटान पर कठोर दंडात्मक कार्रवाई करता है, वहीं विभागीय वृक्ष कटान पूर्णतः वैज्ञानिक कार्ययोजना के अंतर्गत किया जाता है, जिसमें केवल वृद्ध एवं पूर्ण विकसित पेड़ों को ही हटाया जाता है।एस डी ओ मनेंद्र सिंग प्रकृति प्रेम पर प्रकाश डालते हुए चिड़िया के होने न होने परिणाम बताया एबम जंगल से जीवन की शुरआत पर भी प्रकाश डाला
वन परिक्षेत्र अधिकारी श्री शरद सिंह ने वन अपराधों से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। वहीं मास्टर ट्रेनर अनुराधा ठाकुर ने विद्यार्थियों को “वन दूत” के रूप में प्रेरित करते हुए वन संरक्षण एवं जैव विविधता के महत्व पर प्रकाश डाला।
मास्टर ट्रेनर शिवानी बघेल ने जहरीले सर्पों से बचाव एवं उनसे संबंधित आवश्यक सावधानियों की जानकारी देकर विद्यार्थियों को जागरूक किया।
कैंप के दौरान विद्यार्थियों को जंगल भ्रमण कराया गया, जहाँ उन्होंने प्रकृति को निकट से महसूस किया। इस अवसर पर परागण की विभिन्न प्रक्रियाओं—पक्षियों, हवा, जल तथा जानवरों की विष्ठा के माध्यम से होने वाले परागण—की व्यावहारिक जानकारी दी गई।
एसडीओ फॉरेस्ट श्री राहुल शर्मा ने मधुमक्खियों के संरक्षण पर विशेष जोर देते हुए बताया कि इनके बिना प्रकृति का संतुलन गंभीर रूप से प्रभावित हो सकता है।
इस कार्यक्रम में शासकीय हाई स्कूल गणेशगंज, शासकीय माता सवरी आवासीय कन्या शिक्षा परिसर छपारा, शासकीय हाई स्कूल देवगांव, संदीपनी विद्यालय छपारा एवं शासकीय हाई स्कूल देवरी के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
अनुभूति कैंप का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में प्रकृति, वन एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता और संवेदनशीलता विकसित करना रहा, जिसमें यह कार्यक्रम पूर्णतः सफल सिद्ध हुआ।


