अनूपपुर।आज दिनांक 23 जनवरी 2026 को शासकीय माध्यमिक विद्यालय, कन्या बस्ती अनूपपुर में बसंतोत्सव का आयोजन बड़े ही हर्षोल्लास, श्रद्धा एवं सांस्कृतिक गरिमा के साथ किया गया। इस पावन अवसर पर विद्या की देवी, वीणावादिनी माँ सरस्वती की विधिवत पूजा-अर्चना विद्यालय परिवार द्वारा संपन्न की गई। विद्यालय परिसर भक्ति, अनुशासन और उल्लास से सराबोर रहा।
कार्यक्रम में स्थानीय पार्षद कंचन सिंह, पार्षद सुभाष पटेल, रेलवे मजदूर कांग्रेस के जोनल कार्यकारी अध्यक्ष लक्ष्मण राव एवं पालक-शिक्षक संघ की अध्यक्षा गीता बाई मुख्य एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अतिथियों ने दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया तथा छात्राओं के सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की सराहना की।
इस अवसर पर पार्षद कंचन सिंह ने कहा कि
“बसंतोत्सव केवल ऋतु परिवर्तन का पर्व नहीं, बल्कि ज्ञान, संस्कार और सृजनशीलता का प्रतीक है। माँ सरस्वती की आराधना से विद्यार्थियों में विवेक, अनुशासन और बौद्धिक चेतना का विकास होता है।”
लक्ष्मण राव ने विद्यालय की गतिविधियों की प्रशंसा करते हुए कहा कि“शासकीय विद्यालय कन्या बस्ती में शैक्षणिक गुणवत्ता के साथ-साथ सह-शैक्षणिक गतिविधियों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। अमरकंटक विश्वविद्यालय का शैक्षणिक भ्रमण हो या छात्राओं की खेलों में सहभागिता,यह संस्थान सर्वांगीण विकास का उत्कृष्ट उदाहरण है।”
उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को इस संस्था में प्रवेश दिलाएं।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं एवं अभिभावकों के लिए विशेष भोजन (पूरी, सब्जी, खीर, पापड़, सलाद एवं अचार) की व्यवस्था की गई, जो विद्यालय की संवेदनशीलता एवं संस्कारयुक्त शिक्षा प्रणाली को दर्शाता है।
प्रधानाचार्य अजय कुमार प्रसाद ने कहा कि
“हमारा उद्देश्य केवल पाठ्यपुस्तकों तक सीमित शिक्षा नहीं, बल्कि संस्कार, अनुशासन, खेल, भ्रमण और सांस्कृतिक गतिविधियों के माध्यम से छात्राओं का सर्वांगीण विकास करना है। अभिभावकों का सहयोग ही बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की सबसे मजबूत नींव है।”
उन्होंने विद्यालय के वार्षिक शैक्षणिक कैलेंडर के अनुसार किए जा रहे कार्यों की विस्तार से जानकारी दी।
*शिक्षकों की भूमिका रही सराहनीय*
इस सफल आयोजन में प्रधानाध्यापक अजय कुमार प्रसाद, सविता प्रजापति, विद्या राठौर, एस. स्वाति राव एवं शैल शर्मा की सक्रिय सहभागिता एवं समर्पण सराहनीय रहा, जिनके प्रयासों से कार्यक्रम अनुशासित एवं प्रभावशाली रूप से संपन्न हुआ।
अंत में संस्था प्रधान द्वारा सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, अभिभावकों एवं विद्यालय परिवार का आभार व्यक्त किया गया।


