जबलपुर। 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर जबलपुर ट्रांसपोर्टर एसोसिएशन द्वारा ट्रांसपोर्ट नगर में भव्य ध्वजारोहण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वरिष्ठ समाजसेवी संजय गुप्ता रहे, जिन्होंने राष्ट्रध्वज फहराया। कार्यक्रम की अध्यक्षता एसोसिएशन अध्यक्ष सुधीर भागचंदानी ने की।
ध्वजारोहण के पश्चात उपस्थित अतिथियों एवं नागरिकों ने राष्ट्रध्वज को सलामी दी और देशभक्ति के नारों के साथ गणतंत्र दिवस का उत्सव मनाया। मुख्य अतिथि संजय गुप्ता ने अपने संबोधन में कहा कि राष्ट्र के प्रति सच्ची निष्ठा केवल शब्दों से नहीं, बल्कि कर्मों से सिद्ध होती है। उन्होंने कहा कि जब तक हम जाति, धर्म और भेदभाव से ऊपर उठकर एकजुट नहीं होंगे, तब तक देश की वास्तविक प्रगति संभव नहीं है। उन्होंने युवाओं से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ट्रांसपोर्ट व्यवसायी, गणमान्य नागरिक एवं स्थानीय निवासी उपस्थित रहे। देशभक्ति गीतों और नारों से पूरा वातावरण देशप्रेम से सराबोर हो गया। कार्यक्रम के अंत में सरदार परमवीर सिंह ने सभी अतिथियों एवं सहभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया। “गणतंत्र दिवस अमर रहे” के नारों के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।


