जबलपुर। एक्सीडेंटल क्लेम की राशि पाने के लिए एक वाहन मालिक को लगातार परेशान किए जाने का मामला सामने आया है। आजाद नगर मोहरिया निवासी सदाफ आरिफ ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर अपनी शिकायत दर्ज कराते हुए अधारताल स्थित शुभ मोटर्स पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
पीड़ित सदाफ आरिफ ने बताया कि उन्होंने अधारताल स्थित शुभ मोटर्स से सुजुकी कंपनी की एक कार खरीदी थी। कुछ समय पहले उनकी कार का एक्सीडेंट हो गया, जिसके बाद उन्होंने इंश्योरेंस क्लेम के लिए प्रक्रिया शुरू की। लेकिन क्लेम के लिए लगातार शुभ मोटर्स के चक्कर काटने के बावजूद उन्हें न तो स्पष्ट जानकारी दी जा रही है और न ही क्लेम की राशि मिल पा रही है।
सदाफ आरिफ का आरोप है कि क्लेम के नाम पर उन्हें बार-बार गुमराह किया जा रहा है। उन्होंने इस संबंध में थाना अधारताल में भी कई बार शिकायत की, लेकिन वहां से भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। सुनवाई नहीं होने से परेशान होकर आखिरकार उन्होंने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में गुहार लगाई है।
पीड़ित ने मांग की है कि जो भी व्यक्ति या संस्था उन्हें जानबूझकर परेशान कर रही है, उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए और उन्हें जल्द से जल्द उनकी एक्सीडेंटल इंश्योरेंस क्लेम की राशि दिलाई जाए। मामले को लेकर पुलिस अधीक्षक कार्यालय द्वारा शिकायत पर संज्ञान लेने की बात कही गई है।


