डिंडौरी : 30 जनवरी, 2026
मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद अमरपुर, जिला डिंडौरी द्वारा ग्रामोदय से अभ्युदय मध्यप्रदेश अभियान (ग्राम विकास पखवाड़ा) के अंतर्गत ग्राम पंचायत झरना घुघरी के ग्राम घुघरी में ग्राम पंचायत स्तरीय ग्रामोत्सव कार्यक्रम हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम जिला समन्वयक श्री धर्मेंद्र चौहान के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ ग्राम पंचायत सरपंच श्रीमती सेवकली धुर्वे की अध्यक्षता में मुख्य अतिथि श्री आकाश नामदेव (अमरपुर) तथा विशिष्ट अतिथि वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता श्री गुलाब सिंह ठाकुर एवं श्री साहबलाल पुशाम की उपस्थिति में भारत माता के तेलचित्र पर दीप प्रज्वलन कर किया गया। अतिथियों का पुष्पहार से स्वागत किया गया।
विकासखंड समन्वयक श्री अमरलाल धुर्वे ने ग्रामोदय से अभ्युदय अभियान एवं ग्रामोत्सव की रूपरेखा पर प्रकाश डालते हुए अभियान की विस्तृत जानकारी दी। इस अवसर पर प्राथमिक शाला के बच्चों ने आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। ग्रामवासियों द्वारा पारंपरिक देशी खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें जलेबी दौड़, कुर्सी दौड़, पिट्टू और मटकी फोड़ जैसी प्रतियोगिताएं शामिल रहीं।
कार्यक्रम के अंत में स्थानीय लोक संस्कृति करमा, शैला एवं रीना नृत्य की प्रस्तुतियां दी गईं। प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त प्रतिभागियों को नवांकुर संस्था बाल विकास विद्या मंदिर अमरपुर एवं प्रस्फुटन समिति घुघरी द्वारा प्रशस्ति पत्र, मेडल एवं शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में सरपंच पति श्री मोहन सिंह धुर्वे, पूर्व सरपंच श्री छतर सिंह मरकाम, ग्राम कोटवार, मुकदम, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं आशा कार्यकर्ता सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। अंत में सभी उपस्थितजनों को नशामुक्ति एवं स्वदेशी अपनाने का संकल्प दिलाया गया तथा सामाजिक समरसता भोज का आयोजन किया गया।


