April 3, 2026
सी टाइम्स
प्रादेशिक

फ्लाईओवर की मांग को लेकर कांग्रेस विधायक लखन घनघोरिया की पदयात्रा

सरकार को चेतावनी – स्वीकृति तक जारी रहेगा आंदोलन



जबलपुर। शहर की यातायात समस्या को लेकर शुक्रवार को राजनीति एक बार फिर गर्मा गई, जब फ्लाईओवर निर्माण की मांग को लेकर कांग्रेस विधायक लखन घनघोरिया के नेतृत्व में विशाल पदयात्रा निकाली गई। यह पदयात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होती हुई डॉक्टर अंबेडकर चौक पहुँची, जहाँ एक बड़ी जनसभा का आयोजन किया गया।
सभा को संबोधित करते हुए विधायक लखन घनघोरिया ने कहा कि हाईकोर्ट चौराहा से लेकर आधारताल तक फ्लाईओवर का प्रस्ताव वर्ष 2019 में ही तैयार हो चुका था, लेकिन राजनीतिक कारणों और श्रेय की लड़ाई के चलते आज तक इस पर अमल नहीं हो सका। उन्होंने आरोप लगाया कि यह जनता के साथ सीधा अन्याय है और जानबूझकर विकास कार्यों को रोका जा रहा है।
घनघोरिया ने बताया कि वे तीन बार विधानसभा में यह मुद्दा उठा चुके हैं, बावजूद इसके सरकार ने अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा,
“हम किसी से भीख नहीं मांग रहे, हम अपना अधिकार मांग रहे हैं। जब तक सरकार फ्लाईओवर निर्माण को मंजूरी नहीं देती, कांग्रेस का आंदोलन जारी रहेगा।”
उन्होंने कहा कि प्रस्तावित फ्लाईओवर हाईकोर्ट चौराहा से अंबेडकर चौक, घमापुर चौक, बहोराबाग, अब्दुल हमीद चौक होते हुए आधारताल तक जाएगा। इसके अलावा अब्दुल हमीद चौक को गोहलपुर से जोड़ने वाला एक अतिरिक्त फ्लाईओवर भी प्रस्तावित है, जिससे पूरे क्षेत्र का ट्रैफिक दबाव काफी हद तक कम हो सकता है।
विधायक ने भावुक अंदाज में शहर की समस्याओं को गिनाते हुए कहा कि आज हालत यह है कि मरीजों को अस्पताल पहुँचाने में घंटों लग जाते हैं। प्रसव पीड़ा से जूझ रही महिलाओं को एल्गिन अस्पताल पहुँचने में जान जोखिम में डालनी पड़ती है। श्मशान घाट और कब्रिस्तान तक जाने वाले अंतिम संस्कार के वाहनों को भी जाम में फँसना पड़ता है।
उन्होंने कहा कि स्कूल-कॉलेज और विश्वविद्यालय जाने वाले छात्र रोजाना ट्रैफिक जाम से परेशान हैं। कई बार बच्चों को घर लौटने में दो से तीन घंटे लग जाते हैं। रेलवे स्टेशन जाने वाले यात्रियों की ट्रेन छूट जाती है और अदालतों में वकीलों का नंबर निकल जाता है।
घनघोरिया ने आरोप लगाया कि यह फ्लाईओवर सिर्फ एक विधानसभा नहीं बल्कि उत्तर मध्य, पनागर, कैंट और पूर्व – चारों विधानसभा क्षेत्रों को प्रभावित करता है। ऐसे में जिन नेताओं को जनता ने चार बार सांसद बनाया है, उन्हें श्रेय की राजनीति छोड़कर जनहित में फैसला लेना चाहिए।
सभा के अंत में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने एक स्वर में सरकार से मांग की कि जल्द से जल्द फ्लाईओवर परियोजना को मंजूरी दी जाए, अन्यथा आंदोलन को और तेज किया जाएगा। पदयात्रा में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, कांग्रेस कार्यकर्ता और सामाजिक संगठनों के लोग शामिल हुए, जिससे यह स्पष्ट हो गया कि यह मुद्दा अब जनआंदोलन का रूप ले चुका है।
इस अवसर पर वरिष्ठ कांग्रेस नेता दिनेश यादव, युवा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष यश घनघोरिया, नगर कांग्रेस अध्यक्ष सौरभ नाटी शर्मा, कदीर सोनी, झल्लेलाल जैन सहित अनेक पार्षद व कांग्रेसजन उपस्थित थे।

अन्य ख़बरें

श्रीकांत साहू को मिली भाजपा प्रदेश सह मीडिया प्रभारी की जिम्मेदारी

Newsdesk

हनुमान जन्मोत्सव पर समता कॉलोनी में भव्य भंडारा एवं महाआरती, श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़

Newsdesk

प्रभु यीशु की क्रूस की दुःखमयी यात्रा का सजीव मंचन

Newsdesk

Leave a Reply

Discover more from सी टाइम्स

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading