उगली – सिवनी जिले के उगली थाना क्षेत्र में लंबे समय से फल-फूल रहे अवैध रेत उत्खनन के कारोबार पर आखिरकार खनिज विभाग ने शिकंजा कसते हुए कार्रवाई की है। नसीपुर धनई नदी स्थित रेत खदान के पास बिना रॉयल्टी के रेत खनन करते हुए दो ट्रैक्टरों को जप्त किया गया है।
खनिज अधिकारी श्रीमती श्रीवंती परते के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई में नीतू देशमुख एवं मिथलेश बाहेंश्वर के ट्रैक्टरों को मौके से पकड़ा गया। दोनों वाहनों को जप्त कर पुलिस थाना उगली परिसर में खड़ा कराया गया है।
खनिज अधिकारी ने बताया कि जप्त किए गए ट्रैक्टर बिना रॉयल्टी रेत उत्खनन एवं परिवहन में संलिप्त पाए गए हैं। जांच के बाद संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया जाएगा। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि अधिकांश ट्रैक्टरों के पास न तो वैध कागजात हैं और न ही फिटनेस एवं बीमा।
क्षेत्र में यह आम चर्चा है कि ट्रैक्टरों का उपयोग खेती के नाम पर किया जाता है, लेकिन वास्तविकता में इन्हें रेत के अवैध परिवहन में लगाया जा रहा है। रात्रि के समय नसीपुर, पां. छपारा, सरेखा एवं उगली क्षेत्र में बिना रॉयल्टी रेत का परिवहन धड़ल्ले से किया जाता है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि जब इस अवैध गतिविधि की शिकायत पुलिस थाना उगली में की जाती है, तो पुलिस इसे राजस्व एवं खनिज विभाग का मामला बताकर कार्रवाई से बचती नजर आती है।
गौरतलब है कि शासन द्वारा संचालित खुरसुरा एवं बागडोंगरी रेत खदानों से ट्रक-डंपरों द्वारा रॉयल्टी सहित वैध परिवहन किया जा रहा है, जबकि इसके विपरीत अवैध रेत उत्खनन से शासन को भारी राजस्व नुकसान उठाना पड़ रहा है।


