अनूपपुर। जिले के लिए गौरव का विषय है कि शिक्षा एवं शोध के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले डॉ. नरेन्द्र पटेल को आगामी दीक्षांत समारोह में महामहिम राज्यपाल एवं केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के करकमलों से सम्मानित किया जाएगा। यह सम्मान उनकी शैक्षणिक उपलब्धियों एवं कृषि आधारित शोध कार्य के लिए प्रदान किया जा रहा है।डॉ. पटेल ने वर्ष 2022 में मध्यांचल प्रोफेशनल विश्वविद्यालय, भोपाल से डॉक्टर ऑफ फिलॉसफी (Ph.D.) की उपाधि प्राप्त की है। उनका शोध विषय “अनूपपुर जिला (मध्यप्रदेश) का कृषित भूमि उपयोग एवं पोषण” रहा, जो क्षेत्रीय कृषि व्यवस्था, भूमि प्रबंधन तथा पोषण सुरक्षा के दृष्टिकोण से अत्यंत महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
उन्होंने वर्ष 2018 में प्रवेश परीक्षा उत्तीर्ण कर शोध कार्य प्रारंभ किया तथा सतत परिश्रम, अध्ययन और मैदानी विश्लेषण के बाद वर्ष 2022 में अपना शोध सफलतापूर्वक पूर्ण किया। यह शोधकार्य उन्होंने डॉ. मोहंती के कुशल मार्गदर्शन में संपन्न किया।
विशेषज्ञों का मानना है कि डॉ. पटेल का शोध कृषि भूमि के वैज्ञानिक उपयोग, उत्पादन क्षमता वृद्धि तथा ग्रामीण पोषण स्तर सुधारने में सहायक सिद्ध हो सकता है। यह अध्ययन नीति-निर्माताओं, कृषकों और शोधार्थियों के लिए उपयोगी दिशा प्रदान करेगा।
डॉ. पटेल की इस उपलब्धि से अनूपपुर जिले में हर्ष का वातावरण है। शिक्षकों, साथियों एवं शुभचिंतकों ने उन्हें शुभकामनाएं बधाई प्रेषित की ।


