जबलपुर। कुंडम थाना क्षेत्र में 30 जनवरी से लापता किसान का शव बुधवार सुबह बदुआ डैम से बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव कंबल में लिपटा हुआ और जीआई तार से बंधा मिला है, जिससे प्रथम दृष्टया हत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान ग्राम खोरा निवासी कपिल टैंभारे के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार कपिल 30 जनवरी की दोपहर खेत में फसल पर दवा डालने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। इसके बाद परिजन और ग्रामीण उसकी तलाश में खेतों तक पहुंचे, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। बाद में कुंडम थाने में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी।
मंगलवार को बदुआ डैम के पास से गुजर रहे कुछ ग्रामीणों ने पानी में एक शव को उतराते हुए देखा, जिसकी सूचना तत्काल कुंडम थाना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने एसडीआरएफ की टीम को बुलाया। अंधेरा होने के कारण मंगलवार रात शव को बाहर नहीं निकाला जा सका।
बुधवार सुबह दोबारा रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। एसडीआरएफ और गोताखोरों की मदद से शव को डैम से बाहर निकाला गया। बाहर निकालने पर शव कंबल में लिपटा हुआ और जीआई तार से बंधा मिला, जिससे मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है।
पुलिस के मुताबिक मृतक के पिता घटना के समय किसी काम से जबलपुर गए हुए थे। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हत्या की आशंका के सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। परिजनों से पूछताछ के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों में भी जानकारी जुटाई जा रही है।


