गुरंदी में बनकर तैयार हुआ आधुनिक फिश मार्केट
जबलपुर। शहर के मछली विक्रय करने वाले कारोबारियों को बहुत जल्द एक सुव्यवस्थित और आधुनिक मार्केट की सुविधा मिलने जा रही है। राष्ट्रीय मात्स्यिकी विकास बोर्ड, हैदराबाद द्वारा नगर निगम जबलपुर को आवंटित 2.5 करोड़ रुपये की राशि से गुरंदी क्षेत्र में एक भव्य और व्यवस्थित मछली मार्केट का निर्माण कार्य पूर्ण कर लिया गया है।
इस संबंध में निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार ने मत्स्योद्योग विभाग के सहायक संचालक राजाराज तिलक धुर्वे, अपर आयुक्त अंजू सिंह ठाकुर, कार्यपालन यंत्री शैलेन्द्र मिश्रा, बाजार अधीक्षक राजेन्द्र दुबे एवं अन्य अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक निर्णय लिए। निगमायुक्त ने बताया कि नवनिर्मित मछली मार्केट में कुल 50 दुकानें बनकर तैयार हैं, जिनका आवंटन शहर के मछली कारोबारियों को “पहले आओ, पहले पाओ” के सिद्धांत पर किया जाएगा, जिससे व्यापारी स्वाभिमान के साथ एक ही छत के नीचे बेहतर सुविधाओं के साथ अपना व्यवसाय कर सकेंगे।
निगमायुक्त ने स्पष्ट किया कि शहर की स्वच्छता, जनस्वास्थ्य एवं यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से सड़क किनारे खुले में मछली एवं मांस विक्रय पर पूर्णतः प्रतिबंध लगाया गया है। शासन के निर्देशों के अनुसार अब किसी भी स्थान पर सड़क किनारे खुले में मछली या मांस का विक्रय करना प्रतिबंधित रहेगा।
उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यापारी सड़क किनारे खुले में मछली या मांस विक्रय करते हुए पाया गया तो उसके विरुद्ध नगर निगम द्वारा जिला एवं पुलिस प्रशासन के सहयोग से कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दे दिए गए हैं।
निगमायुक्त श्री अहिरवार ने शहर के सभी मछली कारोबारियों से अपील की है कि वे गुरंदी में नवनिर्मित मछली मार्केट में आकर दुकानों का आवंटन प्राप्त करें और स्वच्छ, सुरक्षित एवं व्यवस्थित वातावरण में व्यापार कर प्रशासन के स्वच्छता अभियान में सहयोग प्रदान करें।


