मुख्यमंत्री ग्राम सड़क एवं अवसंरचना योजना के अंतर्गत वारासिवनी विकासखंड के ग्राम रामपायली में 50 लाख रुपये की लागत से आधुनिक कम्युनिटी हॉल का निर्माण कार्य पूर्ण कर लिया गया है।
ग्रामीण यांत्रिकी सेवा संभाग क्रमांक–02 के कार्यपालन यंत्री श्री मनोज धुर्वे ने जानकारी देते हुए बताया कि इस भवन के निर्माण से ग्रामवासियों को सामाजिक, सांस्कृतिक और सार्वजनिक आयोजनों के लिए एक सुव्यवस्थित स्थान उपलब्ध हो गया है। अब ग्रामीणों को विवाह समारोह, बैठकें, सामुदायिक कार्यक्रम एवं अन्य सामाजिक गतिविधियों के आयोजन में काफी सुविधा होगी। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार की इस योजना का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी अवसंरचना को मजबूत करना और आमजन को बेहतर सुविधाएँ उपलब्ध कराना है। इसी कड़ी में रामपायली में निर्मित यह कम्युनिटी हॉल ग्रामीण विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।
ग्रामीणों ने इस निर्माण कार्य के लिए शासन-प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इससे गाँव में सामुदायिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और सामाजिक एकता मजबूत होगी।


