*मोतीनाला के गंदे पानी से सिंचाई पर निगम ने जिला एवं पुलिस प्रशासन के सहयोग से की बड़ी कार्रवाई*
*नगर निगम ने मौके से 02 नग पंप और 22 नग पाइप को जब्त*
जबलपुर। नागरिकों के स्वास्थ्य और खाद्य सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए नगर निगम की टीम ने आज कठोंदा गाँव क्षेत्र में जिला एवं पुलिस प्रशासन के सहयोग से बड़ी कार्रवाई की। यह कार्रवाई कलेक्टर राघवेन्द्र सिंह, पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय एवं निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार के मार्गदर्शन में नगर निगम के स्वास्थ्य विभाग द्वारा की गयी। इस संबंध में उपायुक्त संभव अयाची, स्वास्थ्य अधिकारी सुश्री अंकिता बर्मन, स्वच्छता के सहायक नोडल अधिकारी अभिनव मिश्रा एवं सहायक स्वास्थ्य अधिकारी धर्मेन्द्र राज ने जानकारी देते हुए बताया कि निरीक्षण के दौरान मोतीनाला के प्रदूषित पानी का उपयोग सब्जियों की सिंचाई के लिए करते पाए जाने पर स्वास्थ्य विभाग ने तत्काल सख्त कदम उठाए। निरीक्षण दल ने मुस्तैदी दिखाते हुए सिंचाई के लिए उपयोग किए जा रहे 02 नग पंप और 22 नग पाइप को मौके से जब्त कर लिया। इसके साथ ही स्थल पंचनामा तैयार कर संबंधितों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की गई है।
निगमायुक्त श्री अहिरवार ने बताया कि गंदे नाले के पानी से सिंचाई करना न केवल मिट्टी की उर्वरता को प्रभावित करता है, बल्कि ऐसी सब्जियों का सेवन आम नागरिकों के लिए गंभीर बीमारियों का कारण बन सकता है। इसलिए निगमायुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि शहर के स्वास्थ्य और स्वच्छता मानकों को बनाए रखने के लिए भविष्य में भी ऐसे औचक निरीक्षण और सख्त कार्रवाइयां जारी रखें। कार्यवाही के दौरान सहायक स्वास्थ्य अधिकारी धर्मेंद्र राज, स्वच्छता निरीक्षक किशन दुबे, अतिक्रमण दल प्रभारी लक्ष्मण कोरी, अभिषेक एवं स्थानीय पुलिस प्रशासन के पुलिस बल आदि मौजूद रहे।


