**
परसवाड़ा।
लिंगा में 7 अक्टूबर 2025 को हुए दर्दनाक करंट हादसे में ग्राम सरेखा निवासी धनेन्द्र उर्फ मनोज पटले की असामयिक मृत्यु के बाद परसवाड़ा विधायक मधु भगत बीते दिनों पीड़ित परिवार से मिलने उनके गृह ग्राम सरेखा पहुंचे। इस दौरान उन्होंने शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाया और दो लाख रुपए की आर्थिक सहायता का चेक सौंपा।
विधायक मधु भगत ने मीडिया से चर्चा करते हुए कहा कि बिजली विभाग की लापरवाही के कारण यह अत्यंत दुखद घटना घटी। हादसे के बाद परसवाड़ा में शव को सड़क पर रखकर चक्काजाम किया गया था और परिवार गहरे सदमे में था। उस समय उन्होंने मृतक की धर्मपत्नी अंबेश्वरी पटले और परिजनों को आश्वस्त किया था कि वे हरसंभव मदद करेंगे।
उन्होंने बताया कि पारस्परिक समन्वय के माध्यम से विद्युत विभाग द्वारा 4 लाख रुपए, विभागीय कर्मचारियों द्वारा 2 लाख रुपए की सहायता दिलाई गई थी। साथ ही उन्होंने स्वयं 2 लाख रुपए देने तथा 2 लाख रुपए मुख्यमंत्री सहायता कोष से दिलाने की घोषणा की थी। उसी घोषणा के तहत वे अब 2 लाख रुपए का चेक प्रदान करने पहुंचे हैं। शेष 2 लाख रुपए मुख्यमंत्री सहायता कोष से प्रस्तावित हैं।
पत्नी को मिली नौकरी
विधायक ने कहा कि घटना तो अत्यंत दुखद है, जिसे वापस नहीं लाया जा सकता, लेकिन परिवार को सहारा देने के लिए मृतक की पत्नी को नौकरी दिलाने का प्रयास किया गया। मृतक मनोज पटले की पत्नी अंबेश्वरी पटले को बैहर स्थित पावर हाउस में आउटसोर्स के माध्यम से नियुक्ति मिली है और उन्होंने 1 दिसंबर 2025 को कार्यभार ग्रहण कर लिया है।
अंबेश्वरी पटले ने बताया कि जनप्रतिनिधियों और विधायक मधु भगत के प्रयासों से उन्हें बिजली विभाग में नौकरी मिल सकी, जिससे परिवार को सहारा मिला है।
कुल 8 लाख की सहायता प्राप्त-
मृतक के भाई नरेन्द्र पटले ने बताया कि हादसे के बाद उन्हें पहले 6 लाख रुपए की सहायता प्राप्त हुई थी और अब विधायक द्वारा 2 लाख रुपए का चेक प्रदान किया गया है। इस प्रकार अब तक कुल 8 लाख रुपए परिवार को मिल चुके हैं। उन्होंने कहा कि विधायक के निरंतर प्रयासों से ही उनकी भाभी को नौकरी मिल पाई और वे लगातार परिवार का हालचाल लेते रहते हैं।
नरेन्द्र पटले ने यह भी कहा कि विधायक ने अपने व्यस्त कार्यक्रम के बावजूद समय निकालकर परिवार से मुलाकात की और बच्चों की पढ़ाई-लिखाई एवं भविष्य को लेकर भी चिंता जताई।
लापरवाही पर सख्ती की बात
विधायक मधु भगत ने कहा कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए प्रशासन को सख्त निर्देश दिए जाएंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी विभाग द्वारा लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों पर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
ग्राम सरेखा पहुंचकर विधायक ने ग्रामीणों से भी चर्चा की। इस दौरान बलराम उईके, विधायक प्रतिनिधि सुधीर पटले, देवेश राहंगडाल, इंद्रजीत सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं परिजन उपस्थित रहे।


