जबलपुर। शहर में जलसंकट, जलप्लावन और सफाई व्यवस्था को लेकर महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू ने आज 16 फरवरी को जल, स्वास्थ्य एवं लोककर्म विभाग के अधिकारियों के साथ करीब तीन घंटे लंबी मैराथन बैठक की। बैठक में शहर के समग्र विकास को ध्यान में रखते हुए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए, जिससे आगामी ग्रीष्म ऋतु में नागरिकों को जल संकट से राहत मिलेगी और वर्षा ऋतु में जलभराव की समस्या से निजात मिलेगी।
महापौर ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि गर्मी से पहले ही पाइपलाइन विस्तार, बोरिंग की मरम्मत, जल संचालन व्यवस्था को दुरुस्त करने तथा पानी की टंकियों को पूर्ण क्षमता से भरने का कार्य सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि नगर निगम का लक्ष्य है कि किसी भी वार्ड में पानी की कमी न हो और नागरिकों को नियमित रूप से पर्याप्त जल आपूर्ति मिल सके।
नालियों से गुजरने वाली पाइपलाइन होंगी शिफ्ट
बैठक का सबसे अहम निर्णय नालियों के भीतर से गुजर रही पाइपलाइनों को ऊपर शिफ्ट करने को लेकर लिया गया। इसके लिए महापौर ने 10 करोड़ रुपये की अतिरिक्त राशि स्वीकृत की। उन्होंने निर्देश दिए कि भविष्य में शहर में कोई भी पाइपलाइन नालियों के अंदर से न गुजरे, ताकि जलभराव और गंदगी की समस्या पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके।
1 मार्च से बदलेगी सफाई व्यवस्था
महापौर ने बताया कि 1 मार्च से शहर में नई और हाई-टेक सफाई व्यवस्था लागू की जाएगी। इसके तहत अतिरिक्त मशीनों की व्यवस्था की जा रही है और सफाई मित्रों की संख्या में भी बढ़ोतरी होगी। इससे शहर की स्वच्छता व्यवस्था में व्यापक सुधार देखने को मिलेगा। सभी त्योहारों पर विशेष सफाई अभियान चलाकर शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने का दावा भी किया गया।
सड़कें होंगी गड्ढा मुक्त
शहर की प्रमुख सड़कों को गड्ढा मुक्त और बेहतर बनाने पर भी विशेष जोर दिया गया। लोककर्म विभाग को निर्देश दिए गए कि मरम्मत और निर्माण कार्य तय समय सीमा में पूरे हों, ताकि नागरिकों को सुगम और सुरक्षित यातायात सुविधा मिल सके।
28 फरवरी तक सभी टेंडर जारी
विकास कार्यों में तेजी लाने के लिए महापौर ने डेडलाइन तय करते हुए निर्देश दिए कि पार्षद, अध्यक्ष और महापौर मद से होने वाले सभी कार्यों के टेंडर 28 फरवरी तक अनिवार्य रूप से जारी कर दिए जाएं, ताकि निर्माण कार्यों में किसी प्रकार की देरी न हो।
महापौर जगत बहादुर सिंह ‘अन्नू’ ने बताया कि पिछले दो वर्षों में किए गए प्रयासों से शहर में जल संकट और जलप्लावन की समस्याओं में पहले ही काफी कमी आई है और इस वर्ष और भी व्यवस्थित ढंग से कार्य कर नागरिकों को स्थायी राहत दी जाएगी।
बैठक में एमआईसी सदस्य दामोदर सोनी, श्रीमती अंशुल राघवेन्द्र यादव, श्रीमती रजनी कैलाश साहू, निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार, अपर आयुक्त अरविंद शाह, वी.एन. बाजपेयी सहित सभी विभागीय प्रमुख अधिकारी उपस्थित रहे।
नगर निगम प्रशासन ने विश्वास जताया है कि इन निर्णयों के बाद जबलपुर को एक स्वच्छ, सुंदर और सुविधाजनक शहर के रूप में विकसित किया जाएगा।


