_गत वर्ष की चैंपियन हरियाणा को 33 रनों से हराकर किया विजयी आगाज_
सीवनी – ऑल इंडिया सिविल सर्विसेज क्रिकेट प्रतियोगिता में मध्यप्रदेश सिविल सेवा क्रिकेट टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने पहले ही मुकाबले में गत वर्ष की चैंपियन हरियाणा को 33 रनों से पराजित कर टूर्नामेंट में विजयी शुरुआत की।
मैच में हरियाणा ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। बल्लेबाजी करने उतरी मध्यप्रदेश की टीम ने निर्धारित 15 ओवरों में 136 रनों का प्रतिस्पर्धी स्कोर खड़ा किया। टीम के कप्तान पियूष नेवारे ने जिम्मेदारी भरी अर्धशतकीय पारी खेलते हुए 60 रन बनाए, जबकि अबुजर खान ने 49 रनों का महत्वपूर्ण योगदान दिया। दोनों बल्लेबाजों की शानदार साझेदारी ने टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया।
137 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी हरियाणा की टीम मध्यप्रदेश के गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी और 103 रनों पर ऑल आउट हो गई। मध्यप्रदेश की ओर से निलेश राहंगडाले ने घातक गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट झटके। विशाल कहार ने 2 विकेट हासिल किए, जबकि विनीत और आदर्श को एक-एक सफलता मिली।
निलेश राहंगडाले की प्रभावशाली गेंदबाजी के चलते उन्हें “मैन ऑफ द मैच” चुना गया। मध्यप्रदेश की इस शानदार जीत से टीम का मनोबल बढ़ा है और आगामी मुकाबलों के लिए उत्साह दोगुना हो गया है।


