जबलपुर। रामपुर आजाद चौक से एमपीईबी कॉलोनी होते हुए आईटी पार्क और बरगी हिल्स को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण मार्ग पिछले आठ महीनों से बंद पड़ा है। 26 जून 2025 को पुराने नाले पर बनी पुलिया अचानक धंस गई थी, जिसके बाद एहतियातन आवागमन रोक दिया गया। तब से यह बहुपयोगी ‘शॉर्टकट’ पूरी तरह बंद है और हजारों रहवासियों को रोजाना 2 से 3 किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही है।
शुरुआती दिनों में संबंधित विभाग ने त्वरित मरम्मत का भरोसा दिलाया था, लेकिन टेंडर प्रक्रिया में ही करीब दो महीने निकल गए। निर्माण कार्य शुरू होने के बावजूद गति धीमी रही और अब तक पुलिया पूरी तरह तैयार नहीं हो सकी है। अधिकारियों की ओर से मार्ग बहाली की कोई तय तारीख घोषित नहीं की गई, जिससे लोगों में असमंजस और नाराजगी है।
मार्ग बंद होने का सबसे ज्यादा असर स्थानीय व्यापार पर पड़ा है। आजाद चौक और आसपास की दुकानों में ग्राहकों की आवाजाही घटी है। स्कूल-कॉलेज जाने वाले छात्रों, नौकरीपेशा लोगों और मरीजों को लंबा और जाम से भरा रास्ता अपनाना पड़ रहा है। सहकार नगर, नयागांव, तिलवारा और आसपास के क्षेत्रों की कनेक्टिविटी बाधित है। रहवासियों ने निर्माण कार्य शीघ्र पूरा कर स्पष्ट समय-सीमा के साथ मार्ग खोलने की मांग की है।


