जबलपुर। टी-20 वर्ल्ड कप क्रिकेट मैच के दौरान अवैध सट्टा कारोबार पर अंकुश लगाने हेतु पुलिस अधीक्षक जबलपुर सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर थाना रांझी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मास्टर आईडी के जरिए संचालित क्रिकेट सट्टा सिंडीकेट का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने कार में बैठकर ऑनलाइन सट्टा खिलाते दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 4 मोबाइल फोन, 20,350 रुपये नगद एवं एक कार जब्त की है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर आयुष गुप्ता एवं नगर पुलिस अधीक्षक रांझी सतीष कुमार साहू के मार्गदर्शन में थाना रांझी पुलिस टीम ने 25 फरवरी 2026 को मुखबिर सूचना पर मेमोरी तिराहा स्थित सामुदायिक भवन के पास रामनगर रांझी क्षेत्र में दबिश दी। वहां डार्क ब्लू रंग की कार क्रमांक MP 20 ZG 0030 में बैठे दो युवक मोबाइल के माध्यम से श्रीलंका विरुद्ध न्यूजीलैंड टी-20 मैच पर ऑनलाइन सट्टा संचालित करते पाए गए।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अनमोल पटारिया उर्फ बीसू (29) निवासी दर्शन तिराहा रांझी एवं कृष्णा नामदेव (25) निवासी आदर्श मार्केट रांझी के रूप में हुई है। तलाशी में आरोपियों के मोबाइल फोन में ऑनलाइन सट्टा एप्लीकेशन संचालित होना पाया गया, जिनमें मैच के रन, भाव एवं ऑडियो रिकॉर्डिंग उपलब्ध थीं।
पूछताछ में मुख्य आरोपी अनमोल पटारिया ने स्वीकार किया कि वह बड़े बुकियों से मास्टर आईडी लेकर अपने अधीनस्थ एजेंटों के माध्यम से खिलाड़ियों को आईडी-पासवर्ड वितरित कर सट्टा खिलाता था तथा मैच उपरांत नगद लेनदेन किया जाता था। पुलिस ने धारा 4 (क) सट्टा एक्ट एवं धारा 112 बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी रांझी उमेश गोल्हानी सहित पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही।


