होली त्यौहार के दृष्टिगत खाद्य पदार्थों में मिलावट पर अंकुश लगाने एवं आमजन को गुणवत्ता युक्त खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कलेक्टर बालाघाट एवं अभिहित अधिकारी, खाद्य सुरक्षा प्रशासन के निर्देशानुसार खाद्य सुरक्षा प्रशासन द्वारा निरंतर निरीक्षण, निगरानी एवं नमूना संग्रहण की कार्रवाई की जा रही है।
इसी क्रम में किरनापुर क्षेत्र में विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों—होटल, रेस्टोरेंट, बेकरी एवं डेयरी—का निरीक्षण किया गया। कार्रवाई के दौरान कुल 10 खाद्य नमूने जांच हेतु एकत्रित कर राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेजे जा रहे हैं।
निरीक्षण के दौरान बस स्टैंड किरनापुर स्थित रामदेव बीकानेर मिष्ठान भंडार, विश्वकर्मा होटल, विश्वकर्मा फास्ट फूड, तारन होटल तथा कावरे चौक स्थित यश होटल एवं टिन्कू मिष्ठान की जांच की गई। इस दौरान खोवा, पेड़ा, मलाई बर्फी, कलाकंद, मिल्क केक, पनीर, दही, जलेबी आदि के नमूने लिए गए।
जांच में अस्वच्छता एवं अनियमितता पाए जाने पर विश्वकर्मा होटल, यश होटल एवं टिन्कू मिष्ठान को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम की धारा 32 के तहत सुधार सूचना नोटिस जारी किया गया। सभी प्रतिष्ठानों को साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखते हुए गुणवत्ता युक्त मिठाइयों का निर्माण एवं विक्रय करने के सख्त निर्देश दिए गए।
कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी वाजिद मोहीब, योगेश डोंगरे, गीता टांडेकर तथा नायब तहसीलदार किरनापुर बबिता सूर्या उपस्थित रहीं। त्योहारी सीजन के दौरान खाद्य सुरक्षा विभाग की यह कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।


