पं. दीनदयाल प्रशिक्षण महाअभियान कार्यशाला में बोले मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव
जबलपुर। भारतीय जनता पार्टी के पं. दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान के अंतर्गत सोमवार को जबलपुर स्थित भाजपा संभागीय कार्यालय में विषय वक्ता कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक हेमंत खण्डेलवाल तथा राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश जी सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने संबोधित किया।
राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश जी ने कहा कि भाजपा एक विचार और एक लक्ष्य के लिए कार्य करने वाले कार्यकर्ताओं का संगठन है। अनुशासन पार्टी की कार्यपद्धति का अभिन्न हिस्सा है और इसी के माध्यम से संगठन अपने लक्ष्यों को प्राप्त करता है। उन्होंने कहा कि केंद्र में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में और प्रदेश में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में अनेक जनहितैषी योजनाएं संचालित हो रही हैं, जिनसे लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है। कार्यकर्ताओं का दायित्व है कि वे इन योजनाओं और उनके परिणामों की जानकारी जनता तक पहुंचाएं।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि भाजपा केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि सांस्कृतिक एकता और पंडित दीनदयाल उपाध्याय के एकात्म मानववाद पर आधारित एक विचारधारा है। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती और कार्यकर्ताओं की सक्रियता बनाए रखने के लिए समय-समय पर प्रशिक्षण आवश्यक है। प्रशिक्षण और अनुशासित कार्यपद्धति के कारण ही भाजपा विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बन पाई है।
प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि भाजपा विचारधारा आधारित दल है और उसने कभी अपने सिद्धांतों से समझौता नहीं किया। प्रशिक्षण वर्ग पार्टी की कार्यप्रणाली का महत्वपूर्ण हिस्सा है, जो कार्यकर्ताओं को संगठन की विचारधारा और दायित्वों के प्रति और अधिक जागरूक बनाता है। उन्होंने कहा कि भाजपा के समर्पित और अनुशासित कार्यकर्ता ही पार्टी की असली पहचान हैं।
प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह ने कहा कि वर्ष 1952 में जनसंघ की स्थापना के साथ शुरू हुई यात्रा आज विशाल वटवृक्ष बन चुकी है। यह सफलता पार्टी के समर्पित कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम और प्रशिक्षण व्यवस्था का परिणाम है। प्रशिक्षण के माध्यम से ही कार्यकर्ताओं के व्यक्तित्व का विकास होता है और संगठन को मजबूती मिलती है।
कार्यशाला में गुजरात के प्रदेश संगठन महामंत्री रत्नाकर जी ने प्रजेंटेशन के माध्यम से कार्यशाला की विषयवस्तु और कार्ययोजना प्रस्तुत की। इस दौरान मध्यप्रदेश के उपमुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ला, प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. नंदिता पाठक, संभाग प्रभारी डॉ. अभय प्रताप सिंह यादव सहित जबलपुर, छिंदवाड़ा, रीवा और शहडोल संभाग के विषय वक्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. अभय प्रताप सिंह यादव ने किया, जबकि प्रदेश महामंत्री राहुल कोठारी ने आभार व्यक्त किया। कार्यशाला में प्रदेश सरकार के मंत्री उदयप्रताप सिंह, प्रदेश मंत्री लोकेन्द्र पाराशर, कोषाध्यक्ष अखिलेश जैन, विधायक अजय विश्नोई, अशोक रोहाणी, सुशील तिवारी ‘इंदु’, अभिलाष पांडे, संतोष बरकड़े, महापौर जगत बहादुर सिंह ‘अन्नू’, जिला पंचायत अध्यक्ष आशा गोंटिया, नगर निगम अध्यक्ष रिंकू विज सहित अनेक जनप्रतिनिधि और पार्टी पदाधिकारी उपस्थित रहे।


