जबलपुर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि माताओं और बेटियों के स्वास्थ्य की सुरक्षा राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। सर्वाइकल कैंसर महिलाओं के लिए एक गंभीर बीमारी है, लेकिन समय पर टीकाकरण से इससे बचाव संभव है। मध्यप्रदेश सरकार द्वारा चलाए जा रहे एचपीवी टीकाकरण अभियान के तहत 14 वर्ष से अधिक आयु की बेटियों को लगभग 4 हजार रुपये मूल्य का टीका नि:शुल्क लगाया जा रहा है, जो उन्हें भविष्य में गर्भाशय ग्रीवा कैंसर से सुरक्षा प्रदान करेगा।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव सोमवार को जबलपुर के नेताजी सुभाषचंद्र बोस कल्चरल एंड इंफॉर्मेशन सेंटर में आयोजित महिलाओं के निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर एवं एचपीवी टीकाकरण कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने बहनों और बेटियों से अपील की कि वे सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए इस टीकाकरण अभियान का लाभ अवश्य लें।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने टीकाकरण करा चुकी बालिकाओं को प्रतीकात्मक रूप से प्रमाण-पत्र भी वितरित किए। इस अवसर पर जिया सेन और अंशी विश्वकर्मा को मंच पर सम्मानित किया गया। वहीं मुख्यमंत्री ने नेत्रहीन कन्या विद्यालय जबलपुर की बालिकाओं से भेंट कर उनका सम्मान भी किया। जानकारी के अनुसार सोमवार को जिले में 282 बालिकाओं को एचपीवी के टीके लगाए गए।
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में महिलाओं के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं स्क्रीनिंग शिविर भी लगाया गया, जिसमें 168 महिलाओं की चिकित्सकीय जांच कर उन्हें आवश्यक दवाइयां वितरित की गईं। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वस्थ नारी ही सशक्त समाज की आधारशिला है और सरकार महिलाओं के स्वास्थ्य और कल्याण के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जिले में 10.51 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले आधुनिक जनपद भवन का भूमि-पूजन किया, साथ ही 27.16 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित गीता भवन सहित तीन विकास कार्यों का लोकार्पण भी किया। इनमें प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, 21 स्वास्थ्य एवं उप स्वास्थ्य केंद्र तथा सोलर ट्रैफिक सिस्टम जैसी सुविधाएं शामिल हैं।
कार्यक्रम में पूर्व कैबिनेट मंत्री अजय बिश्नोई ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश में जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से हर वर्ग के उत्थान के प्रयास किए जा रहे हैं। बेटियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाने के लिए शुरू किया गया यह टीकाकरण अभियान भविष्य में महत्वपूर्ण साबित होगा।
इस अवसर पर कुंडम विधायक संतोष बरकड़े, कलेक्टर राघवेंद्र सिंह, जिला पंचायत सीईओ अभिषेक गहलोत, नगर निगम आयुक्त रामप्रकाश अहिरवार, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय मिश्रा सहित जनप्रतिनिधि, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि, लाड़ली बहनें और बड़ी संख्या में बेटियां उपस्थित रहीं।


