जबलपुर। जिले के शहपुरा क्षेत्र में अवैध रूप से डीजल बेचने का मामला सामने आया है। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए गांव-गांव घूमकर डीजल की फेरी लगाने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से लगभग 15 लीटर डीजल जब्त किया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार रविवार को शहपुरा थाना पुलिस को मुखबिर के माध्यम से सूचना मिली कि विराट कॉलोनी स्थित शनि मंदिर के पास एक युवक बोरी में डीजल भरकर बेचने के लिए खड़ा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की।
पुलिस दल को देखते ही संदिग्ध युवक घबराकर बोरी छोड़कर भागने लगा, लेकिन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसे कुछ दूरी पर घेराबंदी कर पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान युवक ने अपना नाम रवि बर्मन, निवासी शहपुरा बताया।
पुलिस ने मौके पर पड़ी सफेद बोरी की तलाशी ली तो उसमें प्लास्टिक की पन्नी में लगभग 15 लीटर डीजल भरा हुआ मिला। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी गांव-गांव घूमकर डीजल की फेरी लगाकर बेचता था। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि वह डीजल कहां से लाता था और कितने समय से इस तरह अवैध रूप से डीजल की बिक्री कर रहा था।
शहपुरा पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करते हुए जब्त डीजल को अपने कब्जे में ले लिया है। मामले में आगे की जांच जारी है।


