अधिवक्ता ने एसपी से की एफआईआर की मांग
जबलपुर। खुद को अधिवक्ता बताकर लोगों को गुमराह करने और अधिवक्ताओं की छवि खराब करने के आरोप में एक व्यक्ति के खिलाफ पुलिस अधीक्षक से शिकायत की गई है। अधिवक्ता दीपक कुमार पटेल ने एसपी को लिखित आवेदन देकर ब्रजेश उपाध्याय के खिलाफ मामला दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत में अधिवक्ता दीपक पटेल ने बताया कि 5 मार्च की रात ब्रजेश उपाध्याय कथित रूप से नशे की हालत में कार चला रहा था। इसी दौरान उसने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए उनकी कार और एक अन्य व्यक्ति की गाड़ी को टक्कर मार दी। हादसे के बाद जब उसे रोका गया और घटना को लेकर सवाल किया गया, तो उसने खुद को अधिवक्ता बताते हुए रौब झाड़ना शुरू कर दिया और धमकी देने लगा।
दीपक पटेल के अनुसार, ब्रजेश उपाध्याय अपनी कार में “एडवोकेट” का मोनो भी लगाए हुए था, जिससे लोगों को यह भ्रम होता है कि वह पेशे से वकील है। घटना के बाद जब उन्होंने इस संबंध में बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों से जानकारी ली, तो पता चला कि ब्रजेश उपाध्याय किसी भी बार एसोसिएशन में पंजीकृत अधिवक्ता नहीं है।
अधिवक्ता दीपक पटेल का आरोप है कि ब्रजेश उपाध्याय लंबे समय से खुद को वकील बताकर लोगों को भ्रमित कर रहा है, जिससे अधिवक्ता समुदाय की छवि धूमिल हो रही है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की गतिविधियां न केवल कानून के विरुद्ध हैं, बल्कि समाज में गलत संदेश भी देती हैं।
अधिवक्ता ने पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर ब्रजेश उपाध्याय के खिलाफ धोखाधड़ी, झूठी पहचान बताने और अन्य संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की जाए।
वहीं पुलिस का कहना है कि शिकायत प्राप्त हो गई है और मामले की जांच के बाद आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।


