जबलपुर। शहर में चल रहे अवैध सट्टा कारोबार पर लगाम कसने के लिए क्राइम ब्रांच और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीमों ने अलग-अलग क्षेत्रों में दबिश देकर बड़ी कार्रवाई की। इस कार्रवाई में कुख्यात सटोरिया रीतेश चौकसे उर्फ ‘चूना’ सहित कुल 6 आरोपियों को सट्टा लिखते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपियों के पास से 31 हजार 640 रुपये नकद, सट्टा पट्टियां, रसीद बुक, कैलकुलेटर सहित अन्य सामग्री जब्त की है। सभी के खिलाफ सट्टा एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार थाना केंट क्षेत्र में क्राइम ब्रांच और थाना केंट की संयुक्त टीम 11 मार्च को गश्त पर थी। इसी दौरान सूचना मिलने पर टीम ने सदर की गली नंबर 16 में दबिश दी, जहां रीतेश उर्फ ‘चूना’ चौकसे (36) अपने घर के बाहर कागज पर सट्टा लिखता हुआ मिला। पुलिस को देखकर उसने सट्टा पट्टी फाड़कर सबूत मिटाने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर उसे मौके पर ही पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से दो सट्टा पट्टियां, पेन, फटी हुई सट्टा पट्टी के 14 टुकड़े और 13 हजार 510 रुपये नकद बरामद किए गए। पुलिस के मुताबिक रीतेश चौकसे पुराना सटोरिया है और उसके खिलाफ मारपीट, आर्म्स एक्ट और सट्टा एक्ट सहित करीब 39 आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं।
इसी तरह थाना बेलबाग पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि भानतलैया पानी की टंकी के पास एक युवक सट्टा लिख रहा है। सूचना पर पुलिस ने मौके पर दबिश देकर रोहित सोनकर (19) को सट्टा पट्टी लिखते हुए पकड़ लिया। उसके पास से सट्टा रसीद बुक और 7 हजार 100 रुपये नकद बरामद किए गए। पूछताछ में रोहित ने बताया कि वह शेखर सोनकर (45) के कहने पर सट्टा लिखता था और इसके बदले उसे रोजाना 300 रुपये मजदूरी मिलती थी। इसके बाद पुलिस ने सट्टा संचालक शेखर सोनकर को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार शेखर के खिलाफ पहले से मारपीट और आबकारी एक्ट सहित 16 मामले दर्ज हैं।
वहीं थाना सिविल लाइन और क्राइम ब्रांच की टीम ने पावर हाउस स्थित इंदिरा मार्केट में कार्रवाई करते हुए तीन अन्य सटोरियों को भी पकड़ा। इनमें निखिल सोनकर (36) निवासी घमापुर के पास से 9 हजार 30 रुपये, कमलेश सेन (45) निवासी घमापुर के पास से 870 रुपये और अशोक कलार (34) निवासी गोरखपुर के पास से 1 हजार 130 रुपये नकद तथा सट्टा सामग्री जब्त की गई। तीनों आरोपियों के खिलाफ सट्टा एक्ट की धारा 4(क) के तहत अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए गए हैं।
पुलिस का कहना है कि शहर में अवैध सट्टा और जुए के खिलाफ आगे भी लगातार अभियान चलाया जाएगा और इस तरह की गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।


