33.5 C
Jabalpur
March 25, 2026
सी टाइम्स
प्रादेशिक

डीजल चोरी का विरोध करना पड़ा भारी: ट्रक ड्राइवर की हत्या, पुलिस जांच में जुटी



जबलपुर। बरगी थाना क्षेत्र में तिन्सी रेलवे क्रॉसिंग के पास ट्रक चालक की निर्मम हत्या का मामला सामने आया है, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच तेज कर दी है और आरोपियों की तलाश के लिए कई टीमें गठित की हैं। साथ ही पुराने डीजल चोरी के मामलों में शामिल संदिग्धों पर विशेष नजर रखी जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सिवनी जिले के तिलगौड़ी गांव निवासी 26 वर्षीय रोहित परते ट्रक क्रमांक एमएच 49 एटी 7397 में नागपुर से फ्लेक्स पाइप लेकर जबलपुर की ओर आ रहा था। रास्ते में बरगी क्षेत्र के तिन्सी रेलवे क्रॉसिंग के पास उसका ट्रक अचानक खराब हो गया। रात अधिक होने के कारण उसने ट्रक में ही रुककर आराम करने का निर्णय लिया।
बताया जा रहा है कि तड़के करीब 3 बजे एक कार में सवार कुछ अज्ञात बदमाश मौके पर पहुंचे और ट्रक के डीजल टैंक का ताला तोड़कर डीजल चोरी करने लगे। इसी दौरान हलचल की आवाज सुनकर रोहित की नींद खुल गई। जब उसने बाहर आकर विरोध किया, तो बदमाशों ने उस पर हमला कर दिया।
हमलावरों ने रोहित के सिर पर किसी भारी वस्तु से गंभीर वार किए, जिससे वह लहूलुहान होकर मौके पर गिर पड़ा। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल रोहित को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी हालत नाजुक बनी रही और अंततः शुक्रवार रात उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही बरगी थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई की। मृतक के परिजनों, विशेषकर उसके बहनोई की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। साथ ही मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर संभावित आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। प्रारंभिक जांच में यह मामला डीजल चोरी का विरोध करने पर की गई हत्या का प्रतीत हो रहा है।
स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर आक्रोश है और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं। पुलिस का कहना है कि मामले का जल्द खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

अन्य ख़बरें

जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत “जल शक्ति से नव-भक्ति” कार्यक्रम सम्पन्न

Newsdesk

स्वयंसेवक शोधछात्रों ने दोषी प्रोफेसरों पर एफआईआर दर्ज करने राष्ट्रपति मुर्मू प्रधानमंत्री मोदी शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और मुख्यमंत्री मोहन यादव से लगाईं गुहार

Newsdesk

सुष्मिता सेन के करकमलों से अध्यक्षा शशि दुहन ने ग्रहण किया सम्मान, 2006 से कोयलांचल में महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने का अभियान

Newsdesk

Leave a Reply

Discover more from सी टाइम्स

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading