जबलपुर। शहर में चोरी का एक अनोखा मामला सामने आया है, जहां रेसिंग बाइक से आए दो युवकों ने खड़ी कार को निशाना बनाते हुए उसका पहिया और अन्य सामान चोरी कर लिया। हैरानी की बात यह रही कि चोरी के बाद आरोपी उसी सामान को बाजार में बेचने के लिए करीब एक घंटे तक घूमते रहे। पूरी घटना CCTV कैमरों में कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।
यह है पूरा मामला
घटना गोकलपुर क्षेत्र की है, जो रांझी थाना क्षेत्र के अंतर्गत आता है। यहां अलताफ खान के मोटर गैरेज के बाहर खड़ी इंडिका कार को चोरों ने निशाना बनाया। 22 मार्च की रात गैरेज बंद होने के बाद आरोपी पहुंचे और कार का एक पहिया खोलकर ले गए। साथ ही स्टेपनी, स्पीकर और प्लेयर भी चोरी कर लिए। कार के नीचे जैक लगा मिला, जिससे स्पष्ट है कि चोरी पूरी योजना के तहत की गई।
बाजार में बेचने पहुंचे, नहीं मिला खरीदार
चोरी के बाद आरोपी बाइक पर सामान लेकर गुरंदी बाजार पहुंचे। यहां वे करीब एक घंटे तक घूमते रहे और कई दुकानदारों को सामान बेचने की कोशिश की, लेकिन संदेह होने पर किसी ने खरीदारी नहीं की। आखिरकार दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
CCTV फुटेज से पहचान की कोशिश
घटना के CCTV फुटेज सामने आने के बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी है। एएसपी सूर्यकांत शर्मा के अनुसार मामला दर्ज कर लिया गया है और फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। जल्द ही गिरफ्तारी की संभावना जताई जा रही है।
खंडहर बन रहे अपराधियों का अड्डा
स्थानीय लोगों का कहना है कि पास स्थित गन कैरिज फैक्ट्री (GCF) के खंडहर मकान असामाजिक तत्वों का ठिकाना बनते जा रहे हैं। यहां शाम होते ही संदिग्ध युवक जमा होते हैं और क्षेत्र में आपराधिक गतिविधियां बढ़ रही हैं।
पहले भी हो चुकी हैं वारदातें
गैरेज संचालक के मुताबिक, इससे पहले भी इलाके में वाहनों से बैटरी और टायर चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं। इस बार चोरों ने सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया, जिससे क्षेत्र में दहशत का माहौल है।


