जबलपुर। श्री हनुमान जन्मोत्सव के पावन अवसर पर 2 अप्रैल 2026 को शहर में भक्ति और श्रद्धा का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। इस अवसर पर श्री दुर्गा हनुमान मंदिर (सरस्वती कॉलोनी) से प्रातः 7 बजे भव्य शोभायात्रा एवं सीताराम नाम संकीर्तन ध्वज प्रभात फेरी निकाली जाएगी, जिसमें नगर के विभिन्न धार्मिक मंडलों और श्रद्धालुओं की सहभागिता रहेगी।
यह भक्ति यात्रा सरस्वती कॉलोनी से प्रारंभ होकर पंजाब बैंक कॉलोनी सहित आसपास के विभिन्न मार्गों से होते हुए पुनः मंदिर प्रांगण में पहुंचेगी। यात्रा के दौरान श्रद्धालु “सीताराम” के जयघोष और भजन-कीर्तन के माध्यम से पूरे क्षेत्र को भक्तिमय वातावरण से सराबोर करेंगे। शोभायात्रा में आकर्षक ध्वज, धार्मिक झांकियां और संकीर्तन मंडलियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगी।
कार्यक्रम के अगले चरण में प्रातः 10 बजे से मंदिर परिसर में सामूहिक सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु भाग लेकर प्रभु श्रीराम एवं हनुमानजी की आराधना करेंगे।
समिति के अध्यक्ष देवेंद्र नेमा ने जानकारी देते हुए बताया कि आयोजन को भव्य और सुव्यवस्थित बनाने के लिए सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। उन्होंने शहर के समस्त धर्मप्रेमी नागरिकों से आग्रह किया है कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस पुण्य आयोजन में सहभागी बनें और धर्मलाभ प्राप्त करें।
इस आयोजन को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल है और श्रद्धालु बेसब्री से इस धार्मिक पर्व का इंतजार कर रहे हैं।


