चक्की खमरिया- सरस्वती शिशु मंदिर चक्की खमरिया में शैक्षणिक सत्र 2025-26 का वार्षिक परीक्षा परिणाम एवं अभिभावक बैठक सोमवार को गरिमामय वातावरण में संपन्न हुई। कार्यक्रम विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान के मार्गदर्शन तथा केशव शिक्षा समिति मध्यप्रदेश, महाकौशल प्रांत जबलपुर से संबद्ध ग्राम भारती सिवनी एवं अमित विक्रम शिक्षा समिति चक्की खमरिया के तत्वावधान में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात विद्यालय के संयोजक प्रकाश चौरसिया, समिति सदस्य मानसिंह सनोडिया सहित मंचासीन अभिभावकों की उपस्थिति में विद्यार्थियों को अंकसूची वितरित कर परीक्षा परिणाम घोषित किया गया।
इस अवसर पर कक्षा में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। साथ ही गणित मेला एवं गणतंत्र दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को भी पुरस्कृत किया गया।
कार्यक्रम में अभिभावकों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली। अभिभावकों की ओर से कमलेश धनगर ने स्वप्रेरणा से कक्षा पंचम एवं अष्टम के प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया तथा विद्यालय के आचार्य परिवार को उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।
इस दौरान विद्यालय के प्रधानाचार्य विनोद चौरसिया एवं वरिष्ठ आचार्य दिनेशकुमार बनवारी ने नवीन सत्र 2026-27 से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां अभिभावकों के साथ साझा कीं। उन्होंने बताया कि आगामी सत्र में हिन्दी माध्यम से CBSE बोर्ड के अंतर्गत NCERT पाठ्यक्रम लागू किया जाएगा। साथ ही गणवेश में परिवर्तन, विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति एवं शैक्षणिक गुणवत्ता सुधार जैसे विषयों पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम के अंत में सभी सफल विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। आयोजन ने विद्यालय, विद्यार्थियों और अभिभावकों के बीच समन्वय को और अधिक सुदृढ़ करने का संदेश दिया।


