बालाघाट,
ग्राम पंचायत बगदरा में शुक्रवार को ऐतिहासिक गौरव और जनउत्साह का केंद्र बना, जब अमर शहीद वीरांगना रानी अवंती बाई लोधी की भव्य प्रतिमा का अनावरण पूरे विधि-विधान और गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। इस अवसर पर सामुदायिक भवन एवं माँ नर्मदा प्रवेश द्वार का भूमि पूजन भी किया गया, जिससे ग्राम में विकास और सांस्कृतिक पहचान को नई दिशा मिली।
कार्यक्रम की अध्यक्षता भारती पारधी एवं जालम सिंह पटैल द्वारा की गई। इस दौरान अनुभा मुंजारे, मधु भगत एवं राजकुमार करहि सहित अनेक जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों की गरिमामय उपस्थिति रही। सभी अतिथियों के आगमन से कार्यक्रम की भव्यता और बढ़ गई।
इस अवसर पर कुल 50.50 लाख रुपए के विकास कार्यों का भूमि पूजन किया गया, जिसमें 47 लाख रुपए की लागत से बनने वाला सामुदायिक भवन तथा 3.50 लाख रुपए की लागत से बनने वाला माँ नर्मदा प्रवेश द्वार शामिल है। यह निर्माण कार्य भविष्य में ग्रामवासियों के सामाजिक, सांस्कृतिक और शैक्षणिक आयोजनों के लिए महत्वपूर्ण केंद्र साबित होंगे।
पूर्व राज्य मंत्री जालम सिंह पटैल ने अपने ओजस्वी उद्बोधन में कहा कि रानी अवंती बाई लोधी केवल इतिहास की वीरांगना नहीं, बल्कि नारी शक्ति, स्वाभिमान और संघर्ष की प्रेरणा हैं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन समाज को अपनी विरासत से जोड़ते हैं और आने वाली पीढ़ियों में देशभक्ति और आत्मगौरव की भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने ग्राम बगदरा की सराहना करते हुए कहा कि यहां का यह प्रयास विकास और संस्कृति के संतुलन का उत्कृष्ट उदाहरण है।
कार्यक्रम के दौरान ॐ शिव शक्ति देवी जागरण ग्रुप, जबलपुर द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया, वहीं गायक संजो बघेल जी की प्रस्तुति ने उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया। पूरे कार्यक्रम के दौरान “जय रानी अवंती बाई” और “नारी शक्ति अमर रहे” के नारों से पूरा क्षेत्र गूंजता रहा।
इस ऐतिहासिक आयोजन में हजारों की संख्या में ग्रामवासी एवं आसपास के क्षेत्रों से आए लोगों ने भाग लिया और कार्यक्रम को सफल बनाया। आयोजन की सफलता में सरपंच श्रीमती येशुला गुड्डू नगपुरे, सचिव श्री धनलाल भुजाड़े, उपसरपंच एवं समस्त पंचगण का विशेष योगदान रहा। यह आयोजन क्षेत्र में इतिहास, संस्कृति और विकास के संगम के रूप में लंबे समय तक याद रखा जाएगा।


