बासा तरखेड़ा गांव के पास तेज रफ्तार ट्रक ने पहले बाइक, फिर बोलेरो को मारी टक्कर
मध्य प्रदेश के दमोह जिले में शुक्रवार शाम एक भीषण सड़क हादसे ने चार परिवारों की खुशियां छीन लीं। दमोह-सागर स्टेट हाईवे पर बासा तरखेड़ा गांव के पास तेज रफ्तार ट्रक ने पहले एक बाइक को टक्कर मारी, जिसमें सवार दो सगे भाइयों जीवन अहिरवार (33) और सूरज अहिरवार (30) की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद अनियंत्रित ट्रक आगे चल रही बोलेरो से जा भिड़ा, जिससे उसमें सवार राजू चौधरी (50) और धर्मेंद्र सिखैया (32) ने भी दम तोड़ दिया।
हादसे में पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। सूचना मिलते ही पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचा और घायलों को उपचार के लिए भर्ती कराया गया। सागर नाका पुलिस चौकी प्रभारी विक्रम डांगी के अनुसार, ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है और चालक की तलाश की जा रही है।
इस दर्दनाक घटना के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरनाक परिणाम सामने आए हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।


