जबलपुर। कोतवाली थाना क्षेत्र में एक निर्माण कार्य के दौरान विवाद इतना बढ़ गया कि मकान मालिक और उसके बेटे ने ठेकेदार व मजदूर के साथ बीच सड़क मारपीट कर दी। घटना के बाद पीड़ितों ने कोतवाली थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है और कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, ठेकेदार रवि नामदेव का कंस्ट्रक्शन कार्य शहर में राजा रसगुल्ला के पास स्थित एक निर्माणाधीन मकान में चल रहा था। ठेका आठ महीने में पूरा होना था, जिसमें अभी करीब दो महीने ही हुए थे और दो स्लैब डाले जा चुके थे।
बताया गया है कि सुबह के समय मकान मालिक ने काम कर रहे मजदूरों से अभद्र भाषा में बात की। इसकी सूचना मजदूर ने ठेकेदार को दी। इसके बाद मकान मालिक ने ठेकेदार को मौके पर बुलाया, लेकिन वह किसी अन्य कार्य में व्यस्त होने के कारण तुरंत नहीं पहुंच सका।
आरोप है कि इसके बाद मकान मालिक मजदूर को जबरन अपने साथ ले जाकर ठेकेदार के पास पहुंचा और वहां गाली-गलौज करते हुए अपने बेटे के साथ मिलकर दोनों के साथ मारपीट की। बीच-बचाव करने पर भी उनके साथ लात-घूंसे से हमला किया गया।
पीड़ितों का कहना है कि उनका पहले से कोई विवाद नहीं था और काम सुचारू रूप से चल रहा था। उन्होंने पुलिस से मांग की है कि उनका बकाया भुगतान दिलाया जाए और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि वे अब उक्त स्थल पर काम नहीं करना चाहते।
फिलहाल पुलिस ने शिकायत दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।


