सिवनी – उच्च शिक्षा विभाग, मध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसार ‘‘नारी शक्ति वंदन” पखवाड़ा (द्वितीय चरण) के अंतर्गत 23 अप्रैल 2026 को शासकीय विधि महाविद्यालय सिवनी में साइबर जागरूकता एवं महिला सुरक्षा विषय पर विशेष व्याख्यान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत वंदे मातरम् से हुई।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में पुलिस विभाग के टाउन इंस्पेक्टर ओमश्वर ठाकरे (प्रभारी, पुलिस कंट्रोल रूम सिवनी) ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि आज का युग डिजिटल है, जहाँ इंटरनेट ने जीवन को सरल बनाया है, वहीं साइबर अपराध भी तेजी से बढ़े हैं। विशेष रूप से महिलाएं साइबर अपराधियों का आसान निशाना बन रही हैं।
उन्होंने साइबर अपराध के विभिन्न रूप—फर्जी प्रोफाइल बनाना, अश्लील संदेश भेजना, ऑनलाइन ब्लैकमेल, म्यूल अकाउंट, डिजिटल अरेस्ट और बैंक फ्रॉड—के बारे में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही बताया कि कई बार महिलाएं संकोच या डर के कारण शिकायत दर्ज नहीं करातीं, जिससे अपराधियों का मनोबल बढ़ता है। इसलिए जागरूकता और सतर्कता बेहद जरूरी है।
उन्होंने विद्यार्थियों को सलाह दी कि अपनी निजी जानकारी जैसे OTP, पासवर्ड और बैंक डिटेल्स किसी के साथ साझा न करें। साथ ही साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930, ‘साइबर दोस्त’, एनसीआरपी (NCRP) और सीईआईआर (CEIR) पोर्टल के उपयोग के बारे में भी जानकारी दी।
इस अवसर पर विद्यार्थियों को करियर काउंसिलिंग एवं मार्गदर्शन भी प्रदान किया गया। आकाशवाणी, दूरदर्शन, समाचार पत्रों, रोजगार संबंधी पत्रिकाओं और पाठ्य पुस्तकों के उपयोग की उपयोगिता समझाई गई। साथ ही व्यक्तित्व विकास, साक्षात्कार की तैयारी और सामाजिक व नैतिक जिम्मेदारियों के प्रति भी विद्यार्थियों को जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. राकेश कुमार चौरासे सहित समस्त स्टाफ एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।


