जबलपुर। बरगी डैम क्षेत्र में निर्माणाधीन मंदिर परिसर में रह रहे 65 वर्षीय साधु तारापुरी महाराज का खून से लथपथ शव उनकी कुटिया में मिला है। इस घटना के सामने आते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
शनिवार दोपहर करीब 12 बजे जब मजदूर मंदिर में काम करने पहुंचे, तो साधु तारापुरी महाराज कहीं दिखाई नहीं दिए। तलाश करने पर जब वे कुटिया के भीतर गए, तो वहां का दृश्य देखकर सभी दंग रह गए। महाराज का शव जमीन पर खून से सना हुआ पड़ा था, जिसे देखकर तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
साधु के शरीर पर कई गंभीर चोटों के निशान पाए गए हैं। कुटिया के भीतर फैले खून और हालात को देखते हुए मामला सामान्य मौत का नहीं लग रहा है। प्रारंभिक जांच में पुलिस हत्या की आशंका जता रही है और इसी दिशा में जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
सूचना मिलते ही बरगी थाना पुलिस, क्राइम ब्रांच, फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने घटनास्थल को सील कर दिया है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। साक्ष्य जुटाकर घटना की सच्चाई जानने का प्रयास किया जा रहा है।
तारापुरी महाराज मूल रूप से सिवनी जिले के ईश्वरपुर के निवासी थे। वे पिछले एक वर्ष से बरगी क्षेत्र में रहकर मंदिर निर्माण कार्य में लगे हुए थे। बताया जा रहा है कि घटना से एक दिन पहले वे घंसौर में किसी पुराने मामले की पेशी में गए थे और रात में वापस लौटे थे।
फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि हत्या के पीछे क्या कारण है और इसमें कौन शामिल हो सकता है। आसपास के क्षेत्र में भी पुलिस सतर्कता बढ़ा दी गई है।


