May 2, 2026
सी टाइम्स
राष्ट्रीय

एसएससी स्टेनोग्राफर भर्ती 2026: 731 पदों पर आवेदन शुरू, 15 मई अंतिम तिथि



नई दिल्ली, 25 अप्रैल  कर्मचारी चयन आयोग (एसएससी) ने अलग-अलग विभागों में स्टेनोग्राफर ग्रेड ‘सी’ और ‘डी’ परीक्षा, 2026 के तहत स्टेनोग्राफर के 731 (अस्थायी रिक्तियां) पदों पर भर्ती के लिए एक आधिकारिक अधिसूचना जारी करके रिक्त पदों पर योग्य और इच्छुक उम्मीदवारों से आवेदन आमंत्रित किए हैं। 

एसएससी की ओर से जारी पदों के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया बीते शुक्रवार, 24 अप्रैल से शुरू हो गई है, और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 15 मई तय की गई है। ऐसे में जो उम्मीदवार एप्लीकेशन फॉर्म भरना चाहते हैं, वे आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर तय लास्ट डेट तक या उससे पहले अपना रजिस्ट्रेशन फॉर्म जमा कर सकते हैं। वहीं, आवेदन शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 16 मई है, और जिन अभ्यर्थियों से आवेदन पत्र भरते समय कुछ गलती हो जाएगी, उनके लिए एप्लीकेशन में सुधार करने का विंडो 20 मई से 21 मई तक सक्रिय रहेगा।

आवेदन करने वाले अभ्यर्थी किसी भी मान्यता प्राप्त बोर्ड/विश्वविद्यालय से 12वीं कक्षा या समकक्ष उत्तीर्ण होना चाहिए। इसी के साथ कैंडिडेट्स के पास अन्य निर्धारित पात्रता, कौशल और तय सालों का अनुभव होना भी अनिवार्य है।

उम्मीदवारों की न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम आयु पद ग्रेड के अनुसार 27 से 30 वर्ष के बीच तय की गई है, जिसकी गणना 1 अगस्त के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।

योग्य अभ्यर्थियों का चयन कंप्यूटर-आधारित परीक्षा (सीबीटी), स्टेनोग्राफी में कौशल परीक्षा, डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन और अंतिम मेरिट सूची के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी 25,500 से 1,42,400 रुपए के बीच प्रति माह होगी। इसी के साथ कैंडिडेट्स को अन्य लाभ और भत्ते भी दिए जाएंगे। वहीं, सीबीटी जुलाई से अगस्त के बीच आयोजित होने की संभावना है।

एप्लीकेशन फॉर्म भरते समय उम्मीदवारों को अपने वर्ग अनुसार निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से करना होगा, जो सामान्य/ओबीसी (एनसीएल)/ईडब्ल्यूएस के लिए 100 रुपए तय किया गया है। वहीं, महिलाएं, एससी, एसटी, पीडब्ल्यूबीडी और पूर्व सैनिक (ईएसएम) श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को रजिस्ट्रेशन फीस में छूट दी गई है।

ऑनलाइन आवेदन करने के लिए उम्मीदवार सबसे पहले एसएससी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। होमपेज पर जाने के बाद संबंधित पद के लिए दिए गए सक्रिय आवेदन लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद रजिस्ट्रेशन कर लॉगिन करें। फिर फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारियों को दर्ज करें। मांगे गए सभी डॉक्यूमेंट्स को सही साइज में अपलोड करें। इसके बाद रजिस्ट्रेशन फीस का भुगतान कर फॉर्म को सबमिट कर दें। लास्ट में आवेदन पत्र का प्रिंट आउट भविष्य के संदर्भ के लिए सुरक्षित निकाल कर रख लें।

इसी के साथ कैंडिडेट्स भर्ती से जुड़ी ज्यादा जानकारी के लिए एसएससी की ओर से संबंधित पद के लिए जारी विस्तृत अधिसूचना को चेक कर सकते हैं।

अन्य ख़बरें

असंभव’ को संभव करना ही महायुति सरकार का मूलमंत्र है: एकनाथ शिंदे

Newsdesk

2000 रुपए के नोटों की वापसी की घोषणा के बाद से 98.47 प्रतिशत नोट वापस आ चुके हैं: आरबीआई

Newsdesk

मध्य प्रदेश: दिग्विजय सिंह की सीएम मोहन यादव और जीतू पटवारी से मुलाकात से सियासत में हलचल

Newsdesk

Leave a Reply

Discover more from सी टाइम्स

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading