सिवनी/कुरई – साइबर ठगों द्वारा लोगों को निशाना बनाकर बैंक खातों से रकम उड़ाने के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। ऐसा ही एक मामला कुरई विकासखंड के ग्राम आलेसुर से सामने आया है, जहां एक व्यक्ति के खाते से संदिग्ध लिंक ओपन करने के बाद दो बार में 10 हजार रुपये की राशि कट गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम आलेसुर निवासी श्री दिलीप साहू के इंडियन पोस्ट बैंक खाते से 23 अप्रैल की रात लगभग 11:04 बजे मोबाइल पर एक संदिग्ध मैसेज प्राप्त हुआ। इसके बाद उनके खाते से 5 हजार रुपये की राशि कट गई। फिर 25 अप्रैल को दोपहर 12:46 बजे दोबारा 5 हजार रुपये खाते से निकल गए।
बताया जा रहा है कि 23 अप्रैल की रात करीब 8:58 बजे उनके मोबाइल पर एक लिंक आई थी, जिसे उन्होंने सामान्य समझकर ओपन कर लिया। लिंक खुलते ही साइबर ठगों ने खाते की जानकारी तक पहुंच बनाकर यह धोखाधड़ी कर दी।
घटना के बाद खाता धारक श्री दिलीप साहू ने क्षेत्रवासियों से अपील करते हुए कहा है कि किसी भी अनजान नंबर, संदिग्ध मैसेज या लिंक को भूलकर भी ओपन न करें। साइबर अपराधी नई-नई तरकीबों से लोगों को ठग रहे हैं, इसलिए सतर्क रहना बेहद जरूरी है।
उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि यदि किसी के मोबाइल पर इस प्रकार का कोई मैसेज या लिंक आए तो तुरंत बैंक अथवा साइबर हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज कराएं और किसी भी प्रकार की निजी जानकारी साझा न करें।
ग्रामीण क्षेत्र में बढ़ते साइबर फ्रॉड के मामलों ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। प्रशासन और बैंकिंग संस्थानों को भी इस दिशा में जागरूकता अभियान चलाने की आवश्यकता महसूस की जा रही है, ताकि आमजन इस प्रकार की ऑनलाइन ठगी से सुरक्षित रह सकें।


