शिवपुरी, 27 अप्रैल । केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री एवं गुना सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने अपने शिवपुरी प्रवास के दौरान विकास कार्यों की सौगात दी, साथ ही जनसुनवाई में 782 लोगों की समस्याओं को सुना और कई समस्याओं का मौके पर ही निपटारा किया। केंद्रीय मंत्री सिंधिया का तीन दिवसीय प्रवास था। इस प्रवास के अंतिम दिन जनसेवा, युवा सशक्तिकरण और शैक्षणिक विकास को एक साथ आगे बढ़ाते हुए दिनभर विभिन्न कार्यक्रमों में सहभागिता की। उन्होंने एक ओर जहां जनसुनवाई के माध्यम से आमजन की समस्याओं का समाधान किया, वहीं मेधावी विद्यार्थियों और तकनीकी संस्थान के छात्रों से संवाद कर भविष्य की दिशा भी तय की। इस दौरान लगभग 200 करोड़ की विकास परियोजनाओं की सौगात दी है।
सिंधिया ने शिवपुरी के कोटा क्षेत्र में आयोजित जनसुनवाई में लगभग 782 आवेदनों को सुना। इनमें से कई प्रकरणों का मौके पर ही निराकरण किया गया, जबकि शेष लंबित प्रकरणों के त्वरित समाधान के निर्देश दिए गए। उन्होंने बताया कि प्रत्येक आवेदन को टोकन प्रणाली के अंतर्गत पंजीकृत कर ऑनलाइन ट्रैकिंग से जोड़ा गया है, जिससे हर प्रकरण की पारदर्शी और समयबद्ध समीक्षा सुनिश्चित हो सके। आयुष्मान कार्ड, बीपीएल कार्ड, प्रमाण पत्र, लाड़ली बहना योजना, पीएम आवास योजना पंजीयन तथा विभिन्न जांच संबंधी मामलों पर विशेष रूप से सुनवाई की गई। उन्होंने टूरिस्ट विलेज में कक्षा 10वीं, 12वीं एवं यूपीएससी में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों से संवाद किया और उन्हें सम्मानित किया।
सिंधिया ने यूनिवर्सिटी इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी शिवपुरी में लगभग 200 विद्यार्थियों से सीधा संवाद किया और उनके सुझाव सुने। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के सुझावों को ध्यान में रखते हुए इस संस्थान को “टॉप नॉच” कॉलेज के रूप में विकसित किया जाएगा। साथ ही उन्होंने बताया कि भविष्य में 2500 करोड़ के डिफेंस यूनिट की स्थापना के बाद सिविल और मैकेनिकल इंजीनियरिंग के विद्यार्थियों को नए अवसर मिलेंगे और वे औद्योगिक क्षेत्र में भी अनुभव प्राप्त कर सकेंगे।


