जबलपुर। राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत एक सराहनीय पहल सामने आई है, जिसमें 7 माह के बालक मुहम्मद मुस्तफा खान को गंभीर हृदय रोग से मुक्ति दिलाते हुए नया जीवन प्रदान किया गया। बालक के उपचार में मुख्यमंत्री बाल हृदय उपचार योजना ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
जिला प्रबंधक राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम श्री सुभाष शुक्ला से प्राप्त जानकारी के अनुसार, आधारताल निवासी इस मासूम के हृदय रोग से पीड़ित होने की जानकारी मिलते ही तत्काल स्वास्थ्य विभाग सक्रिय हुआ। जिला अस्पताल में विशेषज्ञों से जांच कराई गई और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी तथा सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक डॉ. नवीन कोठारी की अनुशंसा पर आगे की प्रक्रिया शुरू की गई।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के निर्देशानुसार जिला नोडल अधिकारी आरबीएसके डॉ. अमजद खान एवं जिला प्रबंधक श्री सुभाष शुक्ला ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बालक का पंजीयन कराया और परिजनों की सहमति के बाद उसे शहर के बडेरिया मेट्रोप्राइम मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल में रेफर किया गया। यहां 25 अप्रैल 2026 को बालक की सफल एवं निःशुल्क हृदय सर्जरी की गई।
सर्जरी सफल होने के बाद बालक के परिजनों ने मध्यप्रदेश शासन के मुख्यमंत्री, जिला प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों, आरबीएसके टीम और उपचार में सहयोग देने वाली चिकित्सा टीम का आभार व्यक्त किया। इस पहल ने एक बार फिर साबित किया है कि सरकारी योजनाएं जरूरतमंदों के लिए जीवनदायिनी साबित हो रही हैं।


