है
अनूपपुर। अनूपपुर जिले के भारतीय गण वर्ता उर्फ भगवा पार्टी के जिला प्रवक्ता धर्मेंद्रकांत तिवारी ने बताया कि भगवा पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष शिवकुमार भार्गव ने मध्य प्रदेश सरकार की आर्थिक नीतियों पर तीखा हमला बोलते हुए कहा है कि राज्य सरकार द्वारा लगातार लिए जा रहे ऋण से प्रदेश की आर्थिक स्थिति कमजोर हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि बार-बार लोन लेकर सरकार आम जनता पर कर्ज का बोझ बढ़ा रही है, जिसका असर आने वाले समय में प्रदेश और देश दोनों पर पड़ सकता है।
शिवकुमार भार्गव ने अपने बयान में कहा कि जिस प्रकार मध्य प्रदेश सरकार लगातार ऋण ले रही है, उससे यह स्थिति बन रही है कि प्रदेश आर्थिक रूप से निर्भरता की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने इसे “गुलामी की ओर बढ़ता कदम” बताते हुए कहा कि यदि यही क्रम जारी रहा तो भविष्य में जनता को इसकी भारी कीमत चुकानी पड़ेगी।
उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के पास स्वयं इतनी आर्थिक क्षमता है कि वह अपने संसाधनों से मध्य प्रदेश के विकास कार्यों को आगे बढ़ा सकती है, लेकिन इसके बावजूद सरकार लोन का सहारा ले रही है। भार्गव ने इसे गलत आर्थिक प्रबंधन बताते हुए कहा कि विकास के नाम पर ऋण लेना और उसका भार जनता पर डालना किसी भी दृष्टि से उचित नहीं है।
उन्होंने आम जनता से अपील करते हुए कहा कि अब समय आ गया है कि लोग आर्थिक नीतियों को समझें और सरकार से जवाब मांगें। यदि जनता ने समय रहते इस मुद्दे को गंभीरता से नहीं लिया, तो वह दिन दूर नहीं जब प्रदेश कर्ज के ऐसे जाल में फंस जाएगा, जिससे बाहर निकलना कठिन होगा।
भगवा पार्टी ने सरकार से मांग की है कि वह कर्ज आधारित विकास मॉडल पर पुनर्विचार करे और प्रदेश के दीर्घकालिक आर्थिक हितों को ध्यान में रखते हुए वैकल्पिक संसाधनों के जरिए विकास योजनाओं को आगे बढ़ाए।


