जबलपुर। तमिलनाडु के त्रिचि में अचानक मौसम खराब हो जाने के कारण ओएफके अस्पताल से एयरपोर्ट के लिए रवाना हुई एम्बुलेंस को बीच रास्ते से ही वापस लौटना पड़ा। एम्बुलेंस सीओडी मोड़ तक पहुंच चुकी थी, तभी सूचना मिली कि त्रिचि में मौसम बिगड़ने के कारण कार्गो विमान वहां उतर नहीं सकेगा।
इस सूचना के बाद कामराज और उनके पुत्र श्रीतमिल के पार्थिव शरीर को लेकर जा रही एम्बुलेंस को वापस ओएफके अस्पताल लाया गया, जहां दोनों शवों को मर्चुरी में सुरक्षित रख दिया गया है।
बताया जा रहा है कि डुमना एयरपोर्ट से कार्गो विमान के जरिए शवों को त्रिचि भेजने की तैयारी की गई थी, लेकिन मौसम की बाधा के चलते यह संभव नहीं हो सका। अब उम्मीद जताई जा रही है कि सोमवार को मौसम साफ होने के बाद दोनों शवों को पुनः त्रिचि के लिए रवाना किया जाएगा।


