*घाट रखा जाएगा स्वच्छ और किया जाएगा व्यवस्थित_निगमायुक्त*
जबलपुर । नगर निगम आयुक्त राम प्रकाश अहिरवार ने आज संस्कारधानी के सुप्रसिद्ध और आस्था के केंद्र तिलवारा घाट और गौशाला का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने घाट की वर्तमान स्थिति का जायजा लिया और अधिकारियों को घाट को अधिक सुव्यवस्थित व सुंदर बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
*स्वच्छता ही असली पुण्य*
निरीक्षण के दौरान श्रद्धालुओं, दुकानदारों एवं नाविकों से संवाद करते हुए निगमायुक्त ने स्वच्छता के महत्व पर विशेष जोर दिया। उन्होंने भावुक और प्रेरक शब्दों में कहा मां नर्मदा के दर्शन मात्र से मन को शांति मिलती है, लेकिन दर्शन के साथ-साथ यदि हम इस पवित्र घाट को स्वच्छ रखने में अपना योगदान दें, तो वह वास्तविक पुण्य लाभ है।
निगमायुक्त ने मौके पर मौजूद स्वास्थ्य विभाग और अतिक्रमण विरोधी दल के अधिकारियों को निम्नलिखित निर्देश दिए कि घाट की सीढ़ियों और आसपास के क्षेत्रों में दिन में दो बार गहन सफाई सुनिश्चित की जाए।
*डस्टबिन की उपलब्धता*
निगमायुक्त ने बताया कि घाट पर पर्याप्त संख्या में कचरा पात्र रखे जाएं ताकि श्रद्धालु कचरा यहाँ-वहाँ न फेंकें।
*प्रकाश व्यवस्था*
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि शाम के समय श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए घाट पर बेहतर लाइटिंग का प्रबंध किया जाए।
*व्यवस्थित घाट*
निगमायुक्त श्री अहिरवार ने अधिकारियों को बताया कि घाट के आसपास की दुकानों को इस प्रकार व्यवस्थित किया जाए जिससे आवागमन में बाधा न हो और स्वच्छता बनी रहे।
इस अवसर पर श्री अहिरवार ने नागरिकों से अपील की कि वे नर्मदा जी में पूजन सामग्री और प्लास्टिक का विसर्जन न करें। उन्होंने इस दौरान दुकानदारों और नाविकों से संवाद कर स्वच्छता अभियान में सहयोग करने अपील की।
इसके उपरांत निगमायुक्त ने तिलवारा गौशाल का भी निरीक्षण किया और वहां की व्यवस्थाओं की सराहना की। इस अवसर पर अपर आयुक्त देवेंद्र सिंह चौहान के साथ सभी संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।


