*
सिवनी – सिवनी विधानसभा क्षेत्र के विधायक दिनेश राय मुनमुन ने सोमवार को ग्राम मटामा स्थित आर.आर. वेयरहाउस में संचालित गेहूं उपार्जन केंद्र का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान केंद्र पर भारी अव्यवस्थाएं सामने आईं, जिस पर विधायक ने नाराजगी जताते हुए तत्काल सुधार के निर्देश दिए।
निरीक्षण के समय सुबह 11:30 बजे तक खरीदी कार्य शुरू नहीं हो पाया था। केंद्र पर न तो सोसायटी का प्रभारी मौजूद था और न ही कोई कर्मचारी उपस्थित मिला। इस लापरवाही के कारण केंद्र के बाहर उपज से भरे ट्रैक्टरों की लंबी कतारें लगी रहीं, जिससे किसानों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
विधायक ने पाया कि खरीदी की गति अत्यंत धीमी है और व्यवस्थाओं का अभाव स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है। साथ ही, खरीदी प्रक्रिया में वेयरहाउस संचालक का अत्यधिक हस्तक्षेप भी देखने को मिला, जिस पर उन्होंने कड़ी आपत्ति दर्ज कराई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए विधायक ने जिला कलेक्टर नेहा मीणा से चर्चा कर केंद्र की स्थिति से अवगत कराया और व्यवस्थाओं को शीघ्र दुरुस्त करने के निर्देश देने की बात कही। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसानों की सुविधा के साथ किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
विधायक के इस निरीक्षण के बाद प्रशासनिक स्तर पर सुधार की उम्मीद जताई जा रही है।


