अनूपपुर। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में पिछले चार दिनों से मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। सोमवार की दोपहर को हवा के साथ हुई झमाझम बारिश ने लोगों को भीषण गर्मी और उमस से बड़ी राहत दिलाई। इस बारिश के चलते तापमान में गिरावट आई है और वातावरण में ठंडा हो गया।
सोमवार की सुबह से ही जिले में भारी उमस और गर्मी का असर था, लेकिन दोपहर होते-होते अचानक आसमान में घने काले बादल छा गए। इसके बाद तेज हवा का दौर शुरू हुआ और देखते ही देखते जोरदार बारिश होने लगी। लगभग 15 से 20 मिनट तक बारिश हुई, जिसके बाद भी काफी देर तक रिमझिम फुहारें गिरती रहीं। बारिश का यह नजारा अनूपपुर जिला मुख्यालय सहित जैतहरी, भालूमाड़ा, कोतमा, राजेंद्रग्राम और फुनगा जैसे क्षेत्र में भी देखने को मिला।
तापमान में गिरावट और सुहावना मौसम
बारिश से जिले के तापमान में कमी आई है। सोमवार को अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस वहीं रात को न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान हैं। पिछले कुछ दिनों से पारा लगातार बढ़ रहा था, जिससे लोग परेशान थे, लेकिन अब मौसम सुहावना हो गया है। शाम होते-होते ठंडी हवा के चलने से लोगों ने गर्मी से चैन की सांस ली।
आगे भी बारिश के आसार
भू-अधीक्षक प्रदीप कुमार मोगरे के अनुसार, फिलहाल मौसमी परिस्थितियां बारिश के अनुकूल बनी हुई हैं। उन्होंने संभावना जताई है कि अगले एक-दो दिनों तक जिले के विभिन्न हिस्सों में रुक-रुक कर बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। आसमान में बादलों की आवाजाही अभी बनी रहेगी, जिससे गर्मी का असर कम रहेगा।
किसानों के लिए सलाह
मई के महीने में हुई यह बारिश रबी फसलों की कटाई के बाद के समय के लिए महत्वपूर्ण है। हालांकि, प्रशासन और मौसम विभाग ने उन किसानों को सावधानी बरतने की सलाह दी है जिनकी फसलें अभी खेतों में कटी हुई रखी हैं। किसानों को सलाह दी गई है कि वे अपनी उपज को सुरक्षित स्थानों पर रखें ताकि उसे भीगने से बचाया जा सके।


